कांग्रेस अध्यक्ष पद के नॉमिनेशन से पहले राजघाट पहुंचे थरूर, कहा-दोपहर में दाखिल करूंगा पर्चा
नई दिल्ली, 30 सितंबर। कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव इस बार बहुत ही दिलचस्प हो गया है। अध्यक्ष पद के लिए नॉमिनेशन का आज आखिरी दिन है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर भी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे। इसी क्रम में वो आज नॉमिनेशन से पहले राज घाट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करने के दौरान कहा कि जब आप एक रेस में शामिल होते हैं, तो आपको पता होता है कि परिणाम कुछ भी हो सकता है। लेकिन आप इस विश्वास के साथ रेस में शामिल होते हैं कि आप अपना बेहतर देंगे। थरूर ने कहा कि मैं आज दोपहर में अध्यक्ष पद के लिए नॉमिनेशन करूंगा। दोपहर में आप मुझे 24, अकबर रोड पर देखेंगे।

दिग्विजय के नॉमिनेशन पर भी दिया बयान
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने दिग्विजय सिंह की उम्मीदवारी पर भी पत्रकारों को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि हम सभी की विचारधारा समान है और हम सभी चाहते हैं कि पार्टी मजबूत हो। ऐसे में अध्यक्ष पद के लिए दोस्ताना मुकाबला होगा। हम लोगों के बीच कोई प्रतिद्वंद्विता नहीं है। वहीं, सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस जी-23 का कोई नेता कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं करेगा।
मल्लिकार्जुन खड़गे को लेकर कही ये बात
मल्लिकार्जुन खड़गे के अध्यक्ष पद के लिए नॉमिनेशन को लेकर उन्होंने कहा कि अभी खड़गे के चुनाव लड़ने पर सिर्फ अटकलें लगाई जा रही हैं। खड़गे बहुत सम्मानित सहयोगी भी हैं, हमने लोकसभा में साथ काम किया है। फ्रेम में अधिक लोगों का होना अच्छी बात होगी। ऐसे में जितने ज्यादा उम्मीदवार होंगे, उतना अच्छा मुकाबला होगा।
वहीं, कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति के अध्यक्ष, एम मिस्त्री ने अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर कहा कि हम चुनाव कराने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। कोई भी व्यक्ति आज सुबह 11 बजे और दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन फॉर्म जमा कर सकता है। मिस्त्री ने कहा कि दिग्विजय सिंह लगभग 11:30 बजे फॉर्म जमा कर सकते हैं। वहीं, थरूर दोपहर में नामांकन करेंगे।
ये भी पढ़ें- आंध्र प्रदेश गंगाम्मा मंदिर में साड़ी चढ़ाने वाले पहले मुख्यमंत्री बने CM जगन मोहन रेड्डी












Click it and Unblock the Notifications