कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव की तैयारियां पूरी, 24 साल बाद पार्टी को मिलेगा गांधी परिवार से बाहर का नेता
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को मतदान होना है। मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। इस चुनाव में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 9000 से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। पार्टी के अगले अध्यक्ष पद का चुनाव गुप्त मतदान के जरिए होगा। तकरीबन 24 साल के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव होने जा रहा है। अध्यक्ष पद की रेस में सबसे आगे पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर हैं। सभी राज्यों में स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अलावा ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय नई दिल्ली में भी लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगें। कांग्रेस पार्टी के 65 पोलिंग बूथ पर देशभर में पार्टी के प्रतिनिधि अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। बता दें कि 17 अक्टूबर को मतदान के बाद 18 अक्टूबर को सभी बैलेट बॉक्स दिल्ली पहुंचेंगे और 19 अक्टूबर को मतों की गणना होगी।
Recommended Video

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, राहुल गांधी भी हिस्सा लेंगे। राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं और वह कर्नाटक में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वह बेल्लारी में पीसीसी के 40 अन्य सदस्यों के साथ वोट करेंगे। माना जा रहा है कि मल्लिकार्जुन खड़गे इस चुनाव में जीत हासिल कर सकते हैं। रिपोर्ट की मानें तो मल्लिकार्जुन खड़गे को गांधी परिवार का समर्थन प्राप्त है। हालांकि गांधी परिवार इस बात से इनकार कर रहा है। वहीं शशि थरूर ने खुद को अपने आप पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव में आगे किया है।
चुनाव प्रचार के दौरान शशि थरूर ने इस बात की चिंता जाहिर की थी कि बराबरी का मौका चुनाव में नहीं मिल रहा है। दोनों पक्षों के लिए चुनावी मैदान समान नहीं है। वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने पार्टी के भीतर हो रहे चुनाव को लेकर कहा कि कांग्रेस हमेशा से आम सहमति के आधार पर बेहतर करती रहती है। एक तरफ जहां मल्लिकार्जुन खड़गे पार्टी का अध्यक्ष बनने पर उदयपुर की घोषणा को लागू करने की बात कर रहे हैं तो शशि थरूर पार्टी में बड़े बदलाव की बात कर रहे हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि अगर आपको लगता है कि पार्टी के भीतर सबकुछ ठीक है तो मुझे वोट मत कीजिए। अगर पार्टी में आप बदलाव चाहते हैं तो मुझे वोट कीजिए।












Click it and Unblock the Notifications