कांग्रेस ने ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी की, इन्हें मिला टिकट
भुवनेश्वर: कांग्रेस ने रविवार को ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में 9 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। भद्रक से पार्टी ने नलिनीकांत मोहंती को टिकट दिया है। वहीं निमापारा से सत्यब्रत पात्रा, सालीपुर से रविद्रनाथ कर, धर्मशाला से किसन पांडा और बरचाना से सीताकांत मोहापात्रा हैं। ओडिशा में कांग्रेस इससे पहले भी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर चुकी है। बीजेपी और बीजेडी ने सूबे में विधानसभा चुनाव के लिए अपनी कई लिस्टें जारी कर दी हैं।

ओडिशा में 147 विधानसभा सीटें हैं। यहां मुकाबला बीजू जनता दल, कांग्रेस और बीजेपी है। बीजू जनता दल का करीब दो दशकों से शासन रहा है। बीजू जनता दल के अध्यक्ष नवीन पटनायक इस समय सूबे के सीएम हैं। वो अब तक चार बार राज्य की बागडोर संभाल चुके है। साल 2014 के चुनाव में उनकी पार्टी ने बहुमत से सत्ता में वापसी की थी। इस समय बीजेडी के पास 117, बीजेपी के पास 10 और कांग्रेस के पास 16 सीटें हैं। ओडिशा की 147 विधानसभा सीटों पर 11 से 29 अप्रैल तक चार चरणों में वोटिंग होगी। यहां लोकसभा की 21 सीटें हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में बीजू जनता दल ने 21 में से 20 सीटों पर जीत हासिल की थी। भाजपा और कांग्रेस दोनों की नजरें इस बार ओडिशा पर हैं।
गौरतलब है कि 17वीं लोकसभा के लिए 7 चरणों में मतदान होंगे। जो 11 अप्रैल से शुरु होंगे और 19 मई को खत्म होंगे। 23 मई को वोटों की गिनती होगी। इस बार 90 करोड़ लोग अपने मतदान का प्रयोग कर सकेंगे। वर्तमान लोकसभा का कार्यकाल 3 जून को समाप्त हो रहा है। पिछली बार भाजपा ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। जिसने अपना कार्यकाल पूरा किया। इस बार लोकसभा चुनाव के साथ आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा और सिक्किम के विधानसभा चुनाव भी होंगे।












Click it and Unblock the Notifications