कांग्रेस सांसद अधीर रंजन को बड़ी राहत, लोकसभा से निलंबन किया गया रद्द
लोकसभा में कांग्रेस के नेता और सांसद अधीर रंजन चौधरी को बड़ी राहत मिली है। दरअसल, विशेषाधिकार समिति ने उनके निलंबन को रद्द कर दिया है और लोकसभा के अगले सत्र में भाग लेने की अनुमति दे दी है। बता दें कि उन्हें लोकसभा के मानसून सत्र में प्रधानमंत्री के खिलाफ टिप्पणी के आरोप में पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया था।
वहीं इससे पहले आज अधीर रंजन चौधरी संसद की विशेषाधिकार समिति के सामने पेश हुए थे। संसद के मानसून सत्र के दौरान प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी के चलते लोकसभा से चौधरी को निलंबित किया गया था। इसके बाद संसद की विशेषाधिकार समिति को अधीर रंजन चौधरी के निलंबन की जांच सौंपी गई थी। समिति ने नेता को अपना पक्ष रखने का मौका देने का फैसला किया था।

अधीर रंजन ने अपनी टिप्पणी पर खेद जताया
अधीर रंजन चौधरी ने विशेषाधिकार समिति के समक्ष गवाही देते हुए कहा कि किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने मानसून सत्र के दौरान संसद के अंदर की गई अपनी टिप्पणी पर भी खेद जताया।
पीएम मोदी की तुलना धृतराष्ट्र से की थी
बता दें कि कांग्रेस नेता अधीर रंजन ने मणिपुर हिंसा पर बोलते हुए अप्रत्यक्ष रूप से कहा था कि- जहां राजा अंधा बैठा रहता है, वहां द्रौपदी का चीरहरण होता है। चाहे हस्तिनापुर में हो या फिर मणिपुर में हो, हस्तिनापुर और मणिपुर में कोई फर्क नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications