पंडित नेहरु पर कांग्रेस-मोदी सरकार भिड़े
नई दिल्ली(विवेक शुक्ला)देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरु के 125 वें जन्म दिन को भव्य तरीके से मनाने के सवाल पर कांग्रेस और केन्द्र की मोदी आमने-सामने हैं।

कांग्रेस की ख्वाहिश है कि पंडित नेहरू की 125 वीं जन्म तिथि को देशभर में मनाया जाए, पर मोदी सरकार इस आइडिया को लेकर कतई उत्साहित नहीं है।
कांग्रेस आगामी 14 नवंबर से अगले साल 14 नवंबर तक नेहरु जी की 125वीं जन्मतिथि को मनाना चाहती है। सरकारी बेरुखी के चलते अब कांग्रेस ने इसे अपने स्तर पर देशभर में मनाने का फैसला किया है।
कांग्रेस के नेता और पूर्व सांसद जयप्रकाश अग्रवाल कहते हैं कि मोदी सरकार कतई पंडित नेहरु के जन्म दिन को शानदार तरीके से मनाने को लेकर दिलचस्पी नहीं दिखा रही है।
यह बेहद अफसोसजनक है। उधर, सूत्रों ने बताया कि मोदी सरकार का अभी तक पंडित नेहरु के 125 वें जन्म दिन देशभर में मनाने का कोई इरादा नहीं है। हां, सरकार की तरफ से एकाध कार्यक्रम आयोजित हो सकते हैं।
कांग्रेस खुद कार्यक्रम आयोजित करेगी
कांग्रेस के सूत्रों का कहना है कि चूंकि उसके देश के चप्पे-चप्पे में कार्यकर्ता और संगठन है,इसके चलते वह पंडित नेहरु के जन्म की 125 साल गिरह को बेहतर तरीके से मना सकती है।
इस बाबत उसकी तरफ से नेहरु के जीवन पर स्कूल-कालेजों में कार्यक्रमों से लेकर तमाम जगहों पर सेमिनार वगैरह रखे जाएंगे।
उनके देश को लोकतांत्रिक धर्मनिरपेक्ष बनाने में रही भूमिका को रेखांकित किया जाएगा। इस बीच,कांग्रेस ने केरल की हाल तक गवर्नर रहीं शीला दीक्षित को उस कमेटी की कमान सौंपी है,जो नेहरु जी से जुड़े कार्यक्रमों को देखेगी।
वरिष्ठ लेखक और चिंतक प्रताप सहगल कहते हैं कि मोदी सरकार को नेहरु जी के देश के लिए कार्यों और योगदान की अनदेखी नहीं करनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications