चुनाव के नतीजों से पहले 5 राज्यों के विधायकों को राजस्थान शिफ्ट कर सकती है कांग्रेस,आखिर क्यों? जानें
10 मार्च को पांच राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, पंजाब और मणिपुर के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव परिणाम से पहले कांग्रेस इन राज्यों के अपने विधायकों को राजस्थान शिफ्ट कर सकती है।
नई दिल्ली, 28 फरवरी। 10 मार्च को पांच राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, पंजाब और मणिपुर के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव परिणाम से पहले कांग्रेस इन राज्यों के अपने विधायकों को राजस्थान शिफ्ट कर सकती है। दरअसल चुनावों के बाद पार्टी को विधायकों की जोड़तोड़ का डर सता रहा है। इसलिए पार्टी अपने सभी विधायकों की राजस्थान में बाड़ेबंदी करना चाहती है।

10 मार्च को आएंगे 5 राज्यों के चुनावी नतीजे
आपको बता दें कि उत्तराखंड और गोवा में 14 को विधानसभा के चुनाव हुए थे। पंजाब में 20 फरवरी को चुनाव हुआ था, जबकि मणिपुर में आज चुनाव जारी है, मणिपुर में दूसरे चरण का मतदान 5 मार्च को होना है। वहीं, उत्तर प्रदेश में चुनाव 10 फरवरी को शुरू हुआ था जो 7 मार्च तक चलेगा और चुनावों के परिणाम 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: भाजपा नेता हैदर आजम की पत्नी रेशमा खैरती के जन्म को लेकर DNA टेस्ट रिपोर्ट में हुआ ये खुलासा, सामने आया सच
बाड़ेबंदी के लिए दिल्ली में हुई शीर्ष नेताओं की बैठक
रविवार को नई दिल्ल में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और केसी वेणुगोपाल सहित पार्टी के शीर्ष नेताओं ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात की थी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भी इस बैठक में शामिल हुए थे। इस बैठक में चुनाव के नतीओं की घोषणा के बाद आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। एक रिपोर्ट के मुताबिक इस बैठक में इन पांच राज्यों के विधायकों की खरीद-फरोख्त का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया और उन्हें सर्वसम्मति से राजस्थान में शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया।
पहली बार नहीं हो रही विधायकों की बाड़ेबंदी
ऐसा पहली बार नहीं होगा जब खरीद-फरोख्त से बचाने के लिए कांग्रेस विधायकों की राजस्थान में बाड़ेबंदी की जाएगी। इससे पहले साल 2019 में अशोक गहलोत के कार्यकाल में ही गुजरात, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और असम के प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी की गई थी।
अशोक गहलोत ने किया इंकार
हालांकि जब अशोक गहलोत से इस बैठक के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इसे शिष्टाचार बैठक बताया। अशोक गहलोत ने कहा कि यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी। हमने दिग्गजों से समय मांगा और बैठक का समय निर्धारित किया। चुनाव के बाद हमें किस तरह से आगे बढ़ना है इस विषय पर चर्चा की हुई।












Click it and Unblock the Notifications