Delhi: सोनिया गांधी की तबीयत खराब, गंगाराम अस्पताल में एडमिट
सर गंगाराम अस्पताल की ओर से जारी बुलेटिन में कहा गया है कि, सोनिया गांधी को बुखार के चलते दो मार्च को 'चेस्ट मेडिसीन' विभाग के प्रमुख डॉक्टर अरूप बसु और उनकी टीम की निगरानी में भर्ती कराया गया।

कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपीए की चेयरमैन सोनिया गांधी को गुरुवार को कुछ स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते अस्पताल में एडमिट किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, सोनिया गांधी को बुखार के कारण सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है।
सर गंगाराम अस्पताल की ओर से जारी बुलेटिन में कहा गया है कि, सोनिया गांधी को बुखार के चलते दो मार्च को 'चेस्ट मेडिसीन' विभाग के प्रमुख डॉक्टर अरूप बसु और उनकी टीम की निगरानी में भर्ती कराया गया। सोनिया गांधी चिकित्सकों की निगरानी में हैं और उनकी जांच की जा रही है। उनकी हालत स्थिर है। सोनिया गांधी की तबियत ऐसे समय में खराब हुई है, जब राहुल गांधी कैंम्ब्रिज में लेक्चर देने के लिए लंदन गए हुए हैं।
इससे पहले सोनिया गांधी को इस साल जनवरी में भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय वह वायरल इन्फेक्शन का शिकार हो गई थीं। उस दौरान उन्हें करीब एक सप्ताह तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ता था। सभी टेस्ट और स्वास्थ्य स्थिर होने के बाद ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई थी। उस दौरान 'भारत जोड़ो' यात्रा में व्यस्त राहुल गांधी भी पदयात्रा छोड़कर दिल्ली पहुंच गए थे।
इसी बीच राहुल गांधी ने कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में अपनी स्पीच के दौरान मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि, बड़े पैमाने पर राजनीतिक नेताओं के फोन में पेगासस है। मेरे फोन में भी पेगासस था। मुझे इंटेलिजेंस अफसरों ने बुलाकर कहा था कि आप फोन पर जो कुछ भी कहें, बेहद सतर्क होकर कहें, क्योंकि हम इसे रिकॉर्ड कर रहे हैं। यह एक ऐसा दबाव है, जो हम महसूस करते हैं।
राहुल ने कहा कि लोकतंत्र के लिए जरूरी ढांचा संसद, स्वतंत्र प्रेस, न्यायपालिका होते हैं। आज यह सब विवश होते जा रहे हैं। इसलिए हम भारतीय लोकतंत्र के मूल ढांचे पर हमले का सामना कर रहे हैं। भारतीय संविधान में भारत को राज्यों का संघ बताया है। उस संघ को बातचीत की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications