पीएम मोदी ने नीचे गिरने में रुपए से होड़ लगा ली है, संजय निरुपम ने कसा तंज
गौरतलब है कि रुपया पिछले 15 महीनों के सबसे निचले स्तर पर आ गया। मंगलवार को शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया सात पैसे टूटकर 67.20 पर खुला
नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर दलों के बीच जोरआजमाइश जारी है। कांग्रेस और बीजेपी के दिग्गज नेता कई तरीके से चुनाव प्रचार कर रहे हैं। जमकर वार पलटवार भी चल रहा है।है। अब इसमें रुपये की गिरावट ने भी एंट्री ले ली है। कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने पीएम नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि 'आजकल प्रधानमंत्री और रुपए में होड़ लगी है कि कौन कितना तेजी से गिर रहा है।'

गौरतलब है कि रुपया पिछले 15 महीनों के सबसे निचले स्तर पर आ गया। मंगलवार को शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया सात पैसे टूटकर 67.20 पर खुला। मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि विदेशी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर मजबूत हुआ है जिसने रुपये को डॉलर के मुकाबले कमजोर कर दिया है। इसका दूसरा कारण विदेशी पूंजी की निकासी भी है। रविवार तक घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उन्होंने बताया कि डॉलर की बढ़ती मांग ने भी रुपये को कमजोर किया है। वहीं सोमवार को घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत अच्छी रही जिससे डॉलर के मुकाबले रुपया 67.13 पर बंद हुआ। हालांकि निरुपम के इस बयान पर अभी किसी नेता ने टिप्पणी नहीं की है।
इससे पहले राहुल गांधी ने संसद में 15 मिनट भाषण देने की बात की थी। उन्होंने कहा था कि अगर वे बोलेंगे तो पीएम सुन नहीं पाएंगे। इसके जवाब में पीएम मोदी ने कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष 15 मिनट बोलेंगे ये भी एक बड़ी बात है। मंगलवार को सोनिया गांधी ने भी बीजापुर में रैली को संबोधित किया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पूरे कर्नाटक का अपमान किया है। वहीं सोनिया गांधी ने कहा कि पीएम मोदी के ऊपर कांग्रेस मुक्त भारत का भूत सवार हो गया है। बीजापुर में सोनिया गांधी ने कहा कि अगर भाषण देने से पेट भरता है तो मोदी और भाषण दें।












Click it and Unblock the Notifications