पुलवामा हमले पर बयान को लेकर असेंबली में हंगामा, बाहर निकलकर क्या बोले सिद्धू?
Recommended Video

नई दिल्ली। पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान के कारण कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू को आज पंजाब विधानसभा में भारी विरोध का सामना करना पड़ा। सिद्धू के खिलाफ पंजाब विधानसभा में जमकर नारेबाजी हुई और अकाली दल ने सिद्ध से उनके बयान के लिए माफी की मांग की जिसको लेकर खूब हंगामा हुआ। वहीं, नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि वे आज भी अपने बयान पर कायम हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद से किसी प्रकार का कोई भी समझौता नहीं किया जा सकता है।

सिद्धू के बयान पर पंजाब विधानसभा में जमकर हंगामा
नवजोत सिद्धू ने पलटवार करते हुए कहा कि साल 1999 में कंधार प्लेन हाईजैक के आरोपियों को किसने रिहा किया? ये किसकी जिम्मेदारी है? हमारे जवान क्यों शहीद हो रहे हैं और इसका कोई स्थाई समाधान क्यों नहीं निकाला जा रहा है। जो लोग हमले के लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें कठोर सजा दी जानी चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियां इसे याद रखें।
सिद्धू ने कहा- अपने बयान पर अब भी कायम
इसके पहले, पंजाब विधानसभा में सिद्धू के बयान को लेकर काफी हंगामा हुआ। अकाली दल ने सिद्धू के खिलाफ नारेबाजी की तो वे भी भड़क गए। अकाली दल नेता बीएस मजीठिया ने कहा, 'सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पुलवामा हमले की निंदा करते हुए प्रस्ताव पास किया, लेकिन सिद्धू पंजाब विधानसभा में पाकिस्तान की तारीफ करते हैं। हम इसके खिलाफ सदन में प्रस्ताव लाना चाहते थे लेकिन इसकी मंजूरी नहीं दी गई। अगर हम सदन में नहीं बोलेंगे तो कहां आवाज उठाएंगे।'
सिद्धू को कांग्रेस से बर्खास्त किया जाए- बादल
दूसरी तरफ प्रकाश सिंह बादल ने भी कांग्रेस नेता सिद्धू पर हमला बोला और कहा कि उनके बयान के लिए सिद्धू को कांग्रेस से बर्खास्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो देश विरोधी बयानबाजी कर रहे हैं उनके खिलाफ केस दर्ज किया जाना चाहिए। बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू ने पुलवामा हमले के बाद बयान देते हुए कहा था कि कुछ लोगों के कारण आप एक मुल्क को दोषी कैसे ठहरा सकते हैं? उन्होंने कहा था कि इस हमले के लिए जो दोषी हैं उनको सजा मिलनी चाहिए। सिद्धू ने कहा था कि आतंक का कोई धर्म और मुल्क नहीं होता है। सिद्धू खुलकर पाकिस्तान का नाम लेने से बचते नजर आए थे जिसको लेकर विवाद बढ़ गया था और उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications