पीएम मोदी के 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान को कपिल सिब्बल ने बताया जुमला
नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वकांशी योजना आत्मनिर्भर भारत को लेकर तंज कसा है। पार्टी के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने इसे एक और जुमला बताया है। सिब्बल ने कहा कि देश के लिए आविष्कार काफी जरूरी है। देश का धन उद्योगों और निर्यात से नहीं जुड़ा है, वो उन चीजों से जुड़ा है, जिनसे बौद्धिक संपदा पैदा होती है। उन्होंने कहा कि ये फैक्ट्रियों में पैदा नहीं होती बल्कि विश्वविद्यालयों में पैदा होती है। प्रेस ब्रीफिंग के दौरन सिब्बल ने कहा कि एक आत्मनिर्भर देश के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर रिसर्च और डेवलपमेंट को बढ़ाना जरूरी है।
Recommended Video

उन्होंने शुक्रवार को कहा कि सभी विकसित देशों के विश्वविद्यालयों में आविष्कारों पर काम हो रहा है। वहां ये देखा जाता है कि क्या हम आविष्कार (इनोवेशन) के द्वारा किसी चीज का उत्पादन कर सकते हैं। सिब्बल ने कहा कि हमारे देश में रिसर्च और डेवलपमेंट खर्च जीडीपी का 0.7 फीसदी है। देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इनोवेशन हेतु विश्वविद्यालों में पैसा लगाना होगा। उन्होंने कहा कि रिसर्च और डेवलपमेंट के लिए इजरायल में 4.6 फीसदी, कोरिया में 4.5 फीसदी, जर्मनी में 3 फीसदी और फ्रांस में 2.2 फीसदी खर्च किया जाता है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत खुद को एक धोखा है। ये एक और जुमला है। उन्होंने कहा कि भारत वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की विश्व प्रतिस्पर्धात्मक रैंकिंग में 10 रैंक फिसल गया है। जो भी प्रमुख कंपनियां हैं, उनके सीईओ भारतीय मूल के ही हैं। उनके बारे में हम मुखर हो सकते हैं लेकिन हमारे स्थानीय के बारे में क्या। वहीं उन्होंने प्रवासी मजदूरों के लिए कहा कि सरकार इनकी दुर्दशा को देख नहीं सकती है। यहां मेक इन इंडिया के तहत मोबाइल फोन नहीं बनाया जा सकता लेकिन असेंबल किया जाता है। केवल 30 फीसदी ही काम होता है।
कपिल सिब्बल ने कहा कि सरकार के पास आत्मनिर्भर भारत के लिए नीति नहीं है। ये महज एक नारा है। जिससे साफ पता चलता है कि सरकार लोगों का जीवन बेहतर बनाने में सक्षम नहीं है। बेहतर यही होगा कि लोग अपने दम पर ही आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने कहा कि केंद्र से राज्य सरकारें पैसा मांग रही हैं लेकिन केंद्र के पास ही अगर पैसा नहीं है तो भारत आत्मनिर्भर कैसे बनेगा।












Click it and Unblock the Notifications