कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में नया मोड़, दिग्विजय सिंह भी मैदान में! आज सोनिया गांधी से करेंगे मुलाकात
नई दिल्ली, 22 सितंबर। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव 19 अक्टूबर को होने हैं। जबकि नामाकंन 30 सितंबर को होगा। अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने से राहुल गांधी पहले ही मना कर चुके हैं। वहीं, माना जा रहा है कि इस पद के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सबसे फिट बैठ रहे हैं और वह चुनाव लड़ेंगे। इसी बीच एक और खबर आई है। सूत्रों की माने तो कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह भी नॉमिनेशन कर सकते हैं। इस सिलसिले में आज वह अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात भी करेंगे। हालांकि, अभी इसको लेकर पार्टी की तरफ से पुष्टि नहीं की गई है कि वह चुनाव लड़ेंगे। लेकिन सोनिया गांधी पहले ही कह चुकी हैं कि अध्यक्ष पद का चुनाव कोई भी लड़ सकता है।

अध्यक्ष पद के लिए पूरी तरह तैयार हैं अशोक गहलोत
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पूरी तरह से तैयार हैं। ऐसे में वह वही करेंगे जो पार्टी ने उनसे करने के लिए कहा है। वहीं, उनके खिलाफ शशि थरूर भी चुनाव लड़ेंगे। इसको लेकर उनकी अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी बात हो चुकी है। इसी क्रम में उन्होंने आज एआईसीसी मुख्यालय का दौरा किया और वह चुनाव के लिए अपने नामांकन पत्र को अंतिम रूप दे रहे हैं। इससे पहले तक माना जा रहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए सीधा मुकाबला गहलोत और थरूर में होगा। लेकिन अगर दिग्विजय सिंह चुनाव लड़ते हैं, तो मुकाबला त्रिकोणीय हो जाएगा।
CM पद छोड़ने को तैयार नहीं गहलोत
इधर, अशोक गहलोत अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के बावजूद भी मुख्यमंत्री पद छोड़ने को तैयार नहीं हैं। मुख्यमंत्री पद न छोड़ना पड़े इसक लेकर वह पूरी कोशिश कर रहे हैं। दरअसल गहलोत ने पार्टी के उदयपुर 'नव संकल्प घोषणा' में 'एक व्यक्ति, एक पद' का वादा किया था। यानि कि एक ही व्यक्ति एक समय में दो पदों पर नहीं रह सकता है। हालांकि, इसको लेकर अशोक गहलोत का कहना है कि जब कोई आंतरिक चुनाव लड़ता है तो 'एक आदमी, एक पद' का नियम लागू नहीं होता है। मैं दो या तीन पदों पर रह सकता हूं। उनके मुताबिक यह नियम मनोनीत पदों के मामले में नियम लागू होता है।
गहलोत की जिद से दिग्गज भी हैरान
गहलोत के मुख्यमंत्री बने रहने की जिद ने पार्टी में खलबली मचा दी है और दिग्गजों ने निजी तौर पर कहा है कि अगर वह जीते, तो उन्हें निश्चित रूप से मुख्यमंत्री का पद छोड़ना होगा। वहीं, गुरुवार को सचिन पायलट और गहलोत कोच्चि में भारत छोड़ो यात्रा में राहुल गांधी से जुड़ेंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि राहुल गांधी, गहलोत को मनाने की पूरी कोशिश करेंगे। इसके अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी चाह रहे हैं कि सचिन पायलट ही राजस्थान के मुख्यमंत्री बने।
अध्यक्ष पद का पर्चा दाखिल करने को लेकर गहलोत ने दिया ये जवाब
गहलोत से जब कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए पर्चा दाखिल करने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि मैं अन्य नेताओं से बात करूंगा और फैसला करूंगा। हालांकि माना जा रहा है कि वह 26 सितंबर के बाद नामांकन दाखिल कर सकते हैं। इससे पहले 23 सितंबर को वह शिरडी में दर्शन के लिए जाएंगे। आपको बता दें कि राजस्थान के सीएम पद के लिए जोरदार पैरवी शुरू हो गई है। भले ही गहलोत ने कहा है कि वह सीएम पद पर बने रहेंगे, लेकिन सचिन पायलट, सीपी जोशी और शांति धारीवाल का नाम मुख्यमंत्री के लिए आगे चल रहा है।
ये भी पढ़ें- अशोक गहलोत बोले जादूगर तो मैं हूँ आपने ममता बनर्जी पर ऐसा क्या जादू किया, जगदीप धनकड़ ने दिया ऐसा जवाब












Click it and Unblock the Notifications