विकास दुबे के एनकाउंटर को लेकर कांग्रेस नेता ने कल कही थी बड़ी बात, आज पूछे ये 3 बड़े सवाल
लखनऊ। गैंगस्टर विकास दुबे का आज नाटकीय अंदाज में अंत हो गया। मध्य प्रदेश से कानपुर लाते समय विकास को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। पुलिस का दावा है कि विकास की गाड़ी का एक्सिडेंट हो गया था, जिसकी आड़ में वह हथियार छीनकर भागने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान एनकाउंटर में उसकी मौत हो गई। लेकिन पुलिस की यह थ्योरी किसी को पच नहीं रही है। विपक्ष ना सिर्फ यूपी पुलिस बल्कि प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर हमला कर रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी यूपी पुलिस के एनकाउंटर पर सवाल खड़ा किया है।

रणदीप सुरजेवाला ने खड़े किए तीन अहम सवाल
रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट करके इस एनकाउंटर पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने लिखा विकास दुबे एनकाउंटर मं मारा गया। कई लोगों ने पहले ही इस बात की आशंका जताई थी। लेकिन इस एनकाउंटर के साथ ही कई सवाल छूट गए। पहला सवाल यह कि अगर उसे भागना ही था तो उसने उज्जैन में सरेंडर क्यों किया। दूसरा उस अपराधी के पास क्या राज थे जो सत्ता-शासन से गठजोड़ को उजागर करते और तीसरा सवाल कि पिछले 10 दिनों की कॉल डिटेल्ज़ जारी क्यों नहीं?

पहले ही एनकाउंटर की आशंका जताई थी
रणदीप सुरजेवाला ने एएनआई और एक वरिष्ठ पत्रकार के ट्वीट को साझा किया है, जिसमे विकास के एनकाउंटर की जानकारी दी गई है। साथ ही उन्होंने रणदीप सुरजेवाला ने कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत का ट्वीट भी साझा किया है, जिसमे उन्होंने पहले ही विकास के एनकाउंटर की आशंका जताई थी। सुरेंद्र राजपूत ने लिखा था, क्या विकास दुबे कानपुर पहुँच पायेगा? या रास्ते में पुलिस से पिस्टल छीन कर फ़रार होने की कोशिश करता हुआ मारा जायेगा?

गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर एनकाउंटर
बहरहाल जिस नाटकीय तरीके से विकास दुबे की गिरफ्तारी के महज 24 घंटे के भीतर उसका उनकाउंटर हुआ है, उसने यूपी पुलिस पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे अहम सवाल यह है कि जो विकास दुबे 8 पुलिसकर्मियों की मौत का जिम्मेदार था क्या उसे बिना किसी प्रोटेक्शन, हाथ में हथकड़ी वगैरह के लाया जा रहा था। आखिर कैसे एक्सिडेंट होने के बाद विकास मौके से पुलिस की बंदूक छीनकर भागने की कोशिश करने लगा। बावजूद इसके कि पहले से ही लोग इस बात की आशंका जता रहे थे कि विकास दूबे का रास्ते में ही एनकाउंटर हो सकता है। इस एनकाउंटर ने पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

विकास के परिवार से पूछताछ
बता दें कि गुरुवार को विकास दुबे को उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया गया था। जबकि देर शाम लखनऊ के कृष्णानगर थाने की पुलिस ने विकास दुबे की पत्नी और बेटे को हिरासत में लिया था और उनसे पूछताछ की थी। लखनऊ पुलिस ने विकास की पत्नी ऋचा और उनके बेटे को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। पुलिस का कहना था कि वह एनकाउंटर से जुड़ी जानकारी के लिए विकास दुबे की पत्नी से पूछताछ कर रही है, जबकि उनका बेटा जोकि नाबालिग है, वह मां के साथ सुरक्षित है।












Click it and Unblock the Notifications