370 हटने से कश्मीर में आतंक खत्म होने का दावा करने वाली सरकार अब जवाब दे: अधीर रंजन चौधरी
नई दिल्ली, 18 अक्टूबर: कश्मीर में हाल के दिनों में आम लोगों पर लगातार आतंकी हमले हुए हैं। वहीं सुरक्षाबलों को भी निशाना बनाया जा रहा है। इसको लेकर लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने केंद्र सरकार से सवाल किए हैं। चौधरी ने नरेंद्र मोदी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आर्टिकल 370 हटने से आतंक खत्म होने का दावा किया गया था तो अब सत्ता में बैठे लोग जवाब दें कि कश्मीर में मौजूदा हालात का जिम्मेदार कौन है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने सोमवार को कहा, कश्मीर के हालात बहुत ही चिंता का विषय है। बहुत बुरा लगता है जब हमारे सैनिक या निर्दोष नागरिक मारे जाते हैं। हम चाहते हैं कि सरकार बताए कि उनका मौजूदा हालात पर क्या रुख है क्योंकि उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया था कि 35ए और 370 के हटने के बाद कश्मीर में आतंकवाद खत्म हो जाएगा। आज हालात बहुत ज्यादा बिगड़ गए हैं।
चौधरी ने आगे कहा, अपने कश्मीर दौरे के दौरान मैंने कहा था कि अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी का असर कश्मीर पर पड़ सकता है। मेरी बात पर सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया। मैंने ये चिंता भी व्यक्त की थी कि कश्मीर में शान्ति कहकर मुतमईन होकर ना बैठें, ये शान्ति आने वाले तूफान का संकेत हो सकती है। मेरी चिंताएं आज सही साबित हुई हैं लेकिन सरकार ना तब फिक्रमंद दिख रही थी और ना ही आज हालात सुधारने के लिए चिंतित लग रही है।
कश्मीर में बढ़ी आंतकी घटनाएं, दूसरे राज्य के लोगों को भी बनाया जा रहा निशाना
जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने हाल के दिनों में लगातार हमले किए हैं। पहले राजनीतिक दलों के लोगों पर हमले हुए, हाल के दिनों में गैर कश्मीरी लोगों को निशाना बनाया गया है। बीते दो दिनों में ही बिहार के लोगों पर दो अलग-अलग जगहों पर हमले हुए हैं। अक्टूबर के पहले हफ्ते में श्रीनगर में आतंकियों ने कई हमले किए थे।
कश्मीर के नेताओं ने की निंदा
जम्मू-कश्मीर में आम लोगों की हत्याओं को राज्य के मुख्य नेताओं ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। नेशनल कान्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने इसकी भर्त्सना करते हुए इसे आम कश्मीरियों को बदनाम करने की साजिश कहा है। वहीं जम्मू कश्मीर के पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला ने भी दूसरे प्रदेशों को लोगों की हत्या किए जाने की घटनाओं की कड़ी निंदा की है।












Click it and Unblock the Notifications