गरीब, प्रवासी मजदूरों के मसले पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस, शुरू किया स्पीक अप इंडिया अभियान
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के चलते जिस तरह से करोड़ों गरीब, मजदूर मुश्किलों का सामना कर रहे हैं, देश की अर्थव्यवस्था की हालत काफी खराब हो गई है, जिसकी वजह से केंद्र सरकार विपक्ष के निशाने पर है। इस मुद्दे को अब कांग्रेस सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है। मोदी सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस ने आज से स्पीक अप इंडिया मुहिम की शुरुआत की है। इस मुहिम का मुख्य लक्ष्य गरीबों, प्रवासी मजदूरों, छोटे उद्योगों, मध्यम वर्गीय लोगों की मुश्किलों को लोगों के सामने रखना है।

आज से यह अभियान 11 बजे से 2 बजे तक चलेगा, जिसमे कांग्रेस के सभी नेता, कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम के जरिए इस मुहिम को आगे बढ़ा जाएगा। इस मुहिम में समाज के अलग-अलग वर्ग के लोगों की समस्या को उठाया जाएगा जो कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा कि हम मांग करते हैं कि सभी प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुंचाने के लिए ट्रांसपोर्ट की सुविधा मुहैया कराई जा, मनरेगा के तहत 200 दिन का काम दिया जाए, गरीबों को 10000 रुपए की तत्कालीन आर्थिक मदद मुहैया कराई जाए, छोटे उद्योगों को आर्थिक पैकेज दिया जाए।
पिछले कई दिनों से कांग्रेस लगातार इन मसलों को उठा रही है। सरकार पर इस महामारी के समय अमानवीयता दिखाने का भी कांग्रेस ने आरोप लगाया है। कांग्रेस पार्टी लगातार मांग कर रही है कि देश के सबसे गरीब तबके के लोगों के बैंक खाते में तत्काल 7500 रुपए की आर्थिक मदद पहुंचाई जाए, जिनकी संख्या तकरीबन 13 करोड़ है। पार्टी की ओर से मांग की गई है कि गरीबों को मुफ्त अनाज, आर्थिक मदद , उद्योंगों को आर्थिक पैकेज मुहैया कराया जाए।












Click it and Unblock the Notifications