नागरिकता बिल के विरोध में कांग्रेस का बुधवार को देशव्यापी प्रदर्शन
नई दिल्ली। भारी हंगामे और विवादों के बीच नागरिकता संशोधन बिल सोमवार रात को लोकसभा में पास हो गया है। इस बिल को लेकर देशभर में लोगों का विरोध जारी है। कांग्रेस, राकांपा, बसपा, सपा और टीआरएस ने भी नागरिकता संशोधन विधेयक का विरोध किया। कांग्रेस ने बुधवार को बिल के विरोध में देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। इस संबंध में पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने राज्य इकाईयों को एक पत्र लिखा है।

केसी वेणुगोपाल ने सभी पीसीसी प्रमुखों को कल पूरे भारत में नागरिकता संशोधन बिल के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए लिखा है। बता दें कल विधेयक राज्यसभा में पेश किया जाएगा। जिस पर मतदान होना है। बिल को लेकर देश के कई हिस्सों में मंगलवार को जबरदस्त प्रर्दशन हुआ है।

विरोध के मद्देनजर गुवाहाटी, डिब्रूगढ़ और कॉटन यूनिवर्सिटी की परीक्षा रद्द कर दी गई है।पश्चिम बंगाल, असम और त्रिपुरा समेत पूर्वोत्तर के कई राज्यों में इस बिल के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे लोगों का गुस्सा अब कई तरह से सामने आ रहा है।
उधर लोकसभा में सोमवार को पास हुए नागरिकता संशोधन बिल को लेकर चल रहे हंगामे के बाद त्रिपुरा प्रशासन ने राज्य में 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। असम के डिब्रूगढ़, जोरहाट व गुवाहाटी, त्रिपुरा के अगरतला और मणिपुर के इम्फाल में इस बिल को लेकर विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। लोग इस बिल के विरोध में सड़कों पर उतर आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications