अगर ललित मोदी-नीरव मोदी को वापस लाया जाए तो हम भी पीएम का एयरपोर्ट पर करेंगे स्वागत: पवन खेड़ा
कांग्रेस ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि अगर वह ललित मोदी और नीरव मोदी को वापस लाते हैं तो हम भी एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने के लिए पहुंचेंगे।

जिस तरह से तीन देशों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जबरदस्त स्वागत मिला, उसके बाद कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि अगर भगोड़े ललित मोदी और नीरव मोदी को भारत लाया जाए तो हम भी एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए खड़े होंगे।
कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि हम प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत करेंगे, अगर नीरव मोदी और ललित मोदी को वापस लाया जाता है। हम भी दिल्ली में एयरपोर्ट के बाहर खड़े होंगे और पीएम मोदी का स्वागत करेंगे, बशर्ते ललित मोदी और नीरव मोदी को वापस लाया जाए।
पवन खेड़ा ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया है कि जब पीएम मोदी भारत में पहुंचे तो ऑस्ट्रेलिया की यूनिवर्सिटी ने भारत के पांच राज्यों के छात्रों के दाखिले पर प्रतिबंध लगा दिया है।
पीएम मोदी की उपलब्धी को लेकर खेड़ा ने कहा कि भारत आने के दो घंटे के भीतर जब पीएम मोदी का जेट लैग भी नहीं खत्म हुआ था, ऑस्ट्रेलिया के विश्वविद्यालय ने यह ऐलान कर दिया। क्या यह पीएम मोदी की उपलब्धि है। पीएम घर भी नहीं पहुंच पाए थे कि यह ऐलान हो गया।
खेड़ा ने कहा कि जब भी पीएम विदेश जाते हैं, वह भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनकी पहली और प्राथमिक जिम्मेदारी भारत के हितों की रक्षा करना होना चाहिए। अगर वह वहां बड़े कार्यक्रम करते हैं तो भी उनकी प्राथमिकता यही होनी चाहिए।
पहलनवानों के प्रदर्शन पर खेड़ा ने कहा कि हम जब सत्ता में थे तो हम सभी ने अपने खिलाफ प्रदर्शन को देखा है। हम जब सत्ता में थे तो सरकार संवेदनशील थी। लेकिन आप देख रहे हैं कि इस सरकार में कोई भी संवेदनशीलता नहीं है। यहां तक कि खेल मंत्री भी संवेदनशील नहीं हैं।
अन्य नेता और जो लोग पहलवानों को लेकर चिंतित हैं वह उनतक पहुंच रहे हैं। पीएम इस धरना स्थल से 4 किलोमीटर से भी कम की दूरी पर हैं। स्मृति ईरानी और अन्य तमाम मंत्री यहां से 2-3 किलोमीटर के दायरे में ही रहते हैं। लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह वहां नहीं पहुंच रहे।












Click it and Unblock the Notifications