मणिशंकर अय्यर ने भी पीएम मोदी को कहा था 'नीच', AAP के इटालिया ने कहा तो क्यों भड़की कांग्रेस ? जानिए
Congress on AAP Gujarat chief Gopal Italia:गुजरात के आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष गोपाल इटालिया के आपत्तिजनक टिप्पणियों के खिलाफ कांग्रेस ने भी मोर्चा खोल दिया है। इटालिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी बुजुर्ग मां के खिलाफ बहुत ही अपमानजनक टिप्पणी के आरोप हैं और कांग्रेस ने उनके इन बयानों की कड़ी निंदा की है। कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघले ने कहा है इटालिया की जातिगत टिप्पणियों को गुजरात की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। गौरतलब है कि पिछले गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने भी ऐसी ही टिप्पणी की थी, जिसका कांग्रेस को चुनावों में भारी खामियाजा भुगतना पड़ा था और शायद यही वजह है कि कांग्रेस अब ऐसी टिप्पणियों पर 'यू-टर्न' ले रही है।

गोपाल इटालिया के आपत्तिजनक बयान पर भड़की कांग्रेस
कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर कभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणियों के लिए कुख्यात रहे हैं। लेकिन, अब जब गुजरात में आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष गोपाल इटालिया का ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है तो कांग्रेस भड़क गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इटालिया के आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कड़ा हमला किया और कहा है कि आम आदमी पार्टी के नेता की अभद्रता गुजरात या देश बर्दाश्त नहीं करेगा। सवाल है कि कांग्रेस को यह 'यू-टर्न' क्यों लेना पड़ रहा है। लेकिन, उससे पहले पूरा मामला जान लेना जरूरी है।

पीएम मोदी को 'नीच' कहे जाने की कांग्रेस ने की कड़ी निंदा
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने मंगलवार को कहा, 'गोपाल इटालिया (आम आदमी पार्टी के गुजरात अध्यक्ष) ने जातिगत टिप्पणी की है, जिसे गुजरात और देश बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री की मां के बारे में टिप्पणी की है। वो 100 वर्ष की हैं और उनका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। पूत कपूत हो सकता है, लेकिन माता कुमाता नहीं हो सकती। कांग्रेस इसकी निंदा करती है। गुजरात में बीजेपी बनाम कांग्रेस होगा।' हालांकि इसके साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी को बीजेपी की 'बी' टीम भी कहा है। उन्होंने दावा किया कि गुजरात, गोवा, उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी कांग्रेस को हराने के लिए ही जाती है। उन्होंने कहा, 'वो जो भी कहें, लेकिन उनका लक्ष्य यही है। एएपी आम आदमी पार्टी नहीं, बल्कि 'खास आदमी पार्टी है'।'

इटालिया ने पीएम को 'नीच' और उनकी मां को 'नौटंकीबाज' कहा
दरअसल, गोपाल इटालिया का कुछ वीडियो पिछले दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ है, जिसमें वह कथित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सौ वर्षीय मां हीरा बा के खिलाफ गुजराती में बहुत ही आपत्तिजनक टिप्पणी करते सुने जा सकते हैं। उनपर आरोप है कि उन्होंने कहा कि 'नरेंद्र मोदी...नीच किस्म का आदमी....' जबकि उनकी वयोवृद्ध मां हीरा बा के बारे में उन्होंने कहा, 'हीराबेन नाटक करती है...शर्म आती है इतनी ज्यादा उम्र के बावजूद..... नौटंकीबाज....' इन टिप्पणियों के लिए भाजपा के तमाम बड़े नेता उनके खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। उनपर आरोप है कि उन्होंने पीएम और उनकी मां के खिलाफ जातिसूचक गाली का इस्तेमाल किया है। इसके लिए उन्हें राष्ट्रीय महिला आयोग भी तलब कर चुका है।

मणिशंकर अय्यर ने पीएम मोदी को कहा था- 'नीच किस्म का आदमी'
दरअसल, गोपाल इटालिया पीएम मोदी के खिलाफ जिस अभद्र टिप्पणी की वजह से विवादों में हैं, वैसी ही टिप्पणी 2017 के गुजरात विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस के बड़बोले नेता मणिशंकर अय्यर भी कर चुके हैं। 7 दिसंबर, 2017 को उन्होंने कहा था, 'मुझे लगता है कि ये (पीएम मोदी) आदमी बहुत नीच किस्म का आदमी है। इसमें कोई सभ्यता नहीं है या ऐसे मौके पर इस किस्म की गंदी राजनीति करने की क्या आवश्यकता है?'

कांग्रेस को गुजरात में भुगतना पड़ा था खामियाजा
गुजरात चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई यह टिप्पणी कांग्रेस पर भारी पड़ी थी। दो दिन बाद ही 9 और 14 दिसंबर को राज्य में दो चरण में चुनाव हुए और कांग्रेस इससे पहले के चुनाव से काफी बेहतर प्रदर्शन करने के बावजूद लक्ष्य से काफी पीछे रह गई। 2012 के चुनाव में प्रदेश के 182 सीटों में से बीजेपी ने 115 और कांग्रेस ने 61 सीटें जीती थीं। 2017 में बीजेपी को 99 सीटें ही मिलीं और कांग्रेस ने अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए आंकड़ा 77 तक पहुंचाया, लेकिन सरकार बनाने से काफी दूर रह गई। बाद में कुछ विश्लेषणों में दावा किया गया कि अगर अय्यर ने पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की होती तो कांग्रेस और बेहतर प्रदर्शन कर सकती थी।

गुजरात चुनाव के चलते कांग्रेस ने लिया 'यू-टर्न' ?
गुजरात में कांग्रेस की उम्मीदों पर लगे झटके के बाद मणिशंकर अय्यर को पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। उसके दो साल बाद तक अय्यर चुप्पी साधे रहे। लेकिन, 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने एक न्यूज आर्टिकल के जरिए अपनी चुप्पी तोड़ी और पीएम मोदी के खिलाफ 'नीच आदमी' वाली अपनी टिप्पणी को फिर से सही ठहराने की कोशिश की। उन्होंने प्रधानमंत्री को 'बदजुबानी' करने वाला नेता भी कह दिया। अपने इस आर्टिकल में अय्यर ने यहां तक दावा किया था कि 'किसी भी सूरत में 23 मई (2019) को भारत की जनता मोदी को बाहर कर देगी।' तब भाजपा के एक प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने एक ट्वीट में कहा था '.....अय्यर ने तब माफी मांग ली और कमजोर हिंदी की दलील के पीछे छिप गए थे। अब वे कहते हैं कि वह भविष्यवक्ता थे। कांग्रेस ने पिछले साल उनकी अभद्र हरकत के लिए निलंबन वापस ले लिया था। कांग्रेस की दोहरी जुबान और अहंकार फिर सामने आ गया है।' जब चुनाव नतीजे आए तो भाजपा ने पांच साल पहले वाले प्रदर्शन को भी काफी बेहतर करते हुए दोबारा सरकार बना ली। शायद यही वजह है कि कांग्रेस गुजरात चुनाव से पहले ऐसे मामले में पीएम मोदी और उनकी मां के साथ खड़े दिखना चाहती है। क्योंकि, चुनाव विश्लेषक मानते हैं कि फिलहाल गुजरात में कांग्रेस की टक्कर बीजेपी से कम और आम आदमी पार्टी से ज्यादा होता दिख रहा है।












Click it and Unblock the Notifications