क्या बीजेपी में शामिल हो रहे आनंद शर्मा? जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद खुद दी सफाई
नई दिल्ली, 7 जुलाई: कांग्रेस के जी-23 ग्रुप के कई नेता पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं। इस बीच लंबे वक्त से हाईकमान से नाराज चल रहे आनंद शर्मा ने बीजेपी चीफ जेपी नड्डा से मुलाकात की। इसके बाद से अटकलें लगाई जा रही थीं कि वो जल्द ही बीजेपी में शामिल हो जाएंगे, लेकिन अब उन्होंने खुद इस मुद्दे पर सफाई दी है।

मीडिया से बात करते हुए आनंद शर्मा ने कहा कि अगर मुझे जेपी नड्डा से मिलना है, तो मुझे उनसे मिलने का पूरा अधिकार है। वो मेरे लिए सिर्फ बीजेपी अध्यक्ष नहीं हैं, हम दोनों एक ही राज्य हिमाचल प्रदेश से आते हैं। हम एक ही विश्वविद्यालय के छात्र रहे। हमारे सामाजिक और पारिवारिक संबंध भी हैं। ऐसे में मुझे जब भी मिलना होगा तो मैं खुलकर मिल लूंगा। अगर हमारे राजनीतिक दल अलग है, दोनों दलों की विचारधारा अलग है, इसका मतलब ये नहीं कि हम सामाजिक रूप में बंटे हुए हैं। इस मुलाकात को लेकर अफवाह फैलाना सही नहीं है, हमारे बच्चे तो मिलते रहते हैं।
हिमाचल में हैं विधानसभा के चुनाव
आपको बता दें कि इस साल के अंत में हिमाचल प्रदेश में विधानसभा के चुनाव हैं। जिसको लेकर बीजेपी और कांग्रेस दोनों सक्रिय हैं। वहीं आनंद शर्मा कई बार सार्वजनिक तौर पर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। सूत्रों के मानें तो दोनों नेताओं में हिमाचल प्रदेश के राजनीतिक हालात और समीकरणों पर चर्चा हुई है।
कांग्रेस ने नहीं भेजा राज्यसभा
आनंद शर्मा लंबे वक्त से कांग्रेस के नाराज गुट जी-23 में शामिल हैं। हाल ही में राज्यसभा के चुनाव हुए थे, लेकिन उनके बागी रुख को देखते हुए कांग्रेस हाईकमान ने उनका टिकट काट दिया। हालांकि शर्मा अभी हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की स्टीयरिंग कमिटी के प्रमुख हैं। ऐसे में अगर वो पार्टी छोड़ते हैं तो इससे कांग्रेस को बड़ा झटका लगेगा।












Click it and Unblock the Notifications