तमिलनाडु में आज कांग्रेस-DMK गठबंधन पर लगेगी मुहर! ये रहा सीट शेयरिंग फॉर्मूला
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए भाजपा और एआईएडीएमके के गठबंधन के ऐलान के एक दिन बाद अब कांग्रेस और डीएमके भी बुधवार को गठबंधन की घोषणा कर सकती है। बताया जा रहा है कि इस समझौते के तहत कांग्रेस को 10 सीटें दी जा सकती हैं जिसमें पुडुचेरी की सीट भी शामिल है। इस गठबंधन को मुकाम तक पहुंचाने के लिए बुधवार को कांग्रेस के तमिलनाडु प्रभारी मुकुल वासनिक डीएमके प्रमुख स्टालिन से मुलाकात करने वाले हैं।

कांग्रेस के खाते में आ सकती हैं 10 सीटें
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस को तमिलनाडु की 39 सीटों में से नौ सीटें मिल सकती हैं, इसके साथ ही पुडुचेरी की एक मात्र सीट भी कांग्रेस के खाते में ही जाएगी। एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके 20-25 सीटों पर चुनाव लड़ सकती हैं। वहीं बाकी की बची सीटों पर गठबंधन के अन्य सहयोगी चुनाव लड़ सकते हैं। इसके लिए एआईसीसी महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल और मुकुल वासनिक बुधवार को स्टालिन के साथ मिलकर सीट शेयरिंग के फॉर्मूले को तय कर सकते हैं।

2014 में दोनों पार्टियां हो गई थी अलग
सूत्रों का कहना है कि, कांग्रेस ने तमिलनाडु में 10 सीटों की मांग की है। लेकिन डीएमके को लगता है कि, वह गठबंधन में एक सीट कम पर समझौता कर सकती है। बता दें कि, 2004 में कांग्रेस ने तमिलनाडु में डीएमके के साथ मिलकर 1 सीटों पर चुनाव लड़ा था। वहीं 2009 में कांग्रेस राज्य में गठबंधन के अंदर 16 सीटों पर चुनाव लड़ी थी।लेकिन 2014 के चुनावों के पहले कांग्रेस और डीएमके अलग-अलग हो गए। 2014 के लोकसभा चुनाव में राज्य की 39 लोकसभा सीटों में से एआईएडीएमके को 37 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं विपक्षी दल डीएमके को एक भी सीट नहीं मिली थी। यही वजह है कि इस बार डीएमके लोकसभा चुनाव में सत्ताधारी दल को घेरने के लिए कांग्रेस से गठबंधन करने जा रहा है।

राहुल गांधी से सोमवार को कनिमोझि ने की थी मुलाकात
एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता के मुताबिक, आज वेणुगोपाल और वासनिक गठबंधन के लिए दिल्ली से चेन्नई जाएंगे और शाम करीब चार बजे गठबंधन का औपचारिक ऐलान कर दिया जाएगा। राज्यसभा सांसद कनिमोझी ने सोमवार सुबह और मंगलवार शाम को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से दो बार मुलाकात की और सीट समझौते के फॉर्मूले को अंतिम रूप दिया। सूत्रों ने बताया, इस मुलाकात में कांग्रेस-डीएमके के बीच गठबंधन के लिए 9+1 सीट शेयरिंग फॉर्मूले पर सहमित बनी है।












Click it and Unblock the Notifications