आज से शुरू हो रहा है कांग्रेस का चिंतन शिविर, सांप्रदायिक ध्रुवीकरण, किसानों के मुद्दे पर चर्चा
उदयपुर, 13 मई। कांग्रेस का आज से तीन दिन का चिंतन शिविर शुरू होने जा रहा है। आज उदयपुर चर्चा का केंद्र रहने वाला है, यहां पार्टी के कई वरिष्ठ नेता चिंता शिविर मे हिस्सा लेने के लिए पहुंचे हैं। चिंतन शिविर में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण, किसानों का मुद्दा, पार्टी को मजबूत करने का मुद्दा और आगामी चुनाव को लेकर चर्चा होगी। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी पार्टी के नेताओं को संबोधित करेंगी। चिंतन शिविर में 6 गुट बनाए गए हैं, हर गुट में 60-70 लोग होंगे। इस दौरान कागजी बहस नहीं होगी। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के नेता केंद्र और राज्य के बीच संबंध, पूर्वोत्तर राज्यों की स्थिति, जम्मू कश्मीर का मुद्दा और सांप्रदायिक ध्रुवीकरण पर बात करेंगे।
इसे भी पढ़ें- ज्ञानवापी मस्जिद केस का फैसला सुनाने वाले जज ने जताई परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता

इसके अलावा शिविर में पब्लिक सेक्टर में विनिवेश, बढ़ती महंगाई, अल्पसंख्यकों का मुद्दा, महिलाओं का मुद्दा,युवाओं का मुद्दा और नई शिक्षा नीति व बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी। कृषि कमेटी एमएसपी कानून को लेकर चर्चा करेगी, लोन माफ करने और गेहूं के दाम के मुद्दे पर चर्चा करेगी। वहीं संगठन कमेटी राष्ट्रीय स्तर, राज्य स्तर, जिला स्तर, ब्लॉक स्तर पर सुधार की चर्चा करेगी। इसके अलावा जो सबसे अहम मुद्दा है वह एक परिवार एक टिकट का मुद्दा है, इसको लेकर पार्टी के भीतर एजेंडा पर चर्चा हो सकती है।
कांग्रेस पार्टी के एक सक्रिय सदस्य ने बताया कि इस चिंतन शिविर का मुख्य उद्देश्य 2024 के लोकसभा चुनाव पर ध्यान केंद्रित करना है। इस चिंतन शिविर में पार्टी का एक्शन प्लान निर्धारित होगा और कैसे पार्टी के संगठन को मजबूत किया जाए इसपर चर्चा होगी। चिंतन शिविर के पहले सोनिया गांधी शिविर को संबोधित करेंगी और इसके बाद दूसरे दिन चर्चा जारी रहेगी। इसके बाद राहुल गांधी चिंतन शिविर को संबोधित करेंगे, आखिरी दिन सोनिया गांधी के संबोधन से शिविर की समाप्ति होगी।












Click it and Unblock the Notifications