कांग्रेस ने इन चार राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ के कारण रद्द किया 'मौन सत्याग्रह', अब 16 जुलाई को होगा
राहुल गांधी को लोकसभा सदस्यता के अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ कांग्रेस ने बुधवार को आयोजित होना वाला 'मौन सत्याग्रह' चार राज्यों में रद्द कर दिया है। पार्टी भारी बारिश और बाढ़ की वजह से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में अब 12 जुलाई को यह विरोध-प्रदर्शन नहीं करेगी।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा है कि इन चारों राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इन राज्यों में यह कार्यक्रम अब 16 जुलाई को आयोजित किया जाएगा।

बुधवार को आयोजित किया गया 'मौन सत्याग्रह'
पिछले 9 जुलाई को कांग्रेस ने राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म होने के विरोध में 12 जुलाई को मौन सत्याग्रह आयोजित करने का ऐलान किया था। यह मौन सत्याग्रह प्रत्येक राज्यों की राजधानियों में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास आयोजित होना है, जिसमें पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भाग लेंगे।
राहुल की अयोग्यता का ठीकरा बीजेपी पर फोड़ रही है कांग्रेस
एक बयान में उस दिन वेणुगोपाल ने कहा था कि राहुल गांधी नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली बीजेपी सरकार के मजबूत और मुखर विरोधी हैं। उन्होंने कहा था, 'हमारा विश्वास है कि सच्चाई और हर भारतीय के वास्तविक कल्याण के लिए हमारी प्रतिबद्धता, स्पष्ट तौर पर जाहिर है, चाहे बीजेपी-आरएसएस हमारे या हमारे नेताओं के खिलाफ कोई भी हथकंडा अपनाए। भारत ऐसी फासीवादी ताकतों को अधिक दिनों तक नहीं टिकने देगा।'
मोदी सरनेम वाले मामले में सुप्रीम कोर्ट जाएगी कांग्रेस
कांग्रेस का आरोप है कि सरकार राहुल गांधी की आवाज को दबाने के लिए नए-नए तरीके खोज रही है। कांग्रेस पार्टी कह चुकी है कि वह 2019 के मोदी सरनेम मामले में राहुल गांधी की सजा पर रोक लगाने से इनकार करने के गुजरात हाई कोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट मे चुनौती देगी।
वेणुगोपाल यहां तक दावा कर चुके हैं कि 'न सिर्फ कांग्रेस, बल्कि पूरा देश उन्हें गलत और प्रतिशोधी तरीके से अयोग्य ठहराए जाने को लेकर आक्रोशित है।' उन्होंने कहा था, 'हम 140 करोड़ भारतीयों से अपील करते हैं कि चाहे वो किसी से भी जुड़े हों, न्याय और आजादी के लिए डटे लोगों के साथ खड़े हों ताकि लोकतंत्र को कुचलने का विरोध किया जा सके।'












Click it and Unblock the Notifications