जी-23 के नेताओं की मांग पर झुकी कांग्रेस, सुरजेवाला बोले- CWC की बैठक बहुत जल्द बुलाई जाएगी
नई दिल्ली, 30 सितंबर: कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल और गुलाम नबी आजाद की मांग के एक दिन बाद ही पार्टी ने कहा है कि कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक जल्द बुलाई जाएगी। हालांकि पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पिछले ही हफ्ते संकेत दिया था कि पार्टी में निर्णय लेने वाली सर्वोच्च संस्था सीडब्ल्यूसी की बैठक बहुत ही जल्द बुलाई जाएगी। गौरतलब है कि कांग्रेस की ओर से यह बयान तब आया है जब जी-23 के दो वरिष्ठ सदस्यों ने पार्टी के संगठन में आए भूचाल को लेकर ये बैठक बुलाने की मांग की है। और इस मांग का समर्थन करने वाले नेताओं की संख्या बढ़ती जा रही है।

सीडब्ल्यूसी की बैठक बहुत जल्द बुलाई जाएगी- सुरजेवाला
कांग्रेस प्रवक्ता सुरजेवाला ने पीटीआई से कहा है कि 'शिमला जाने से पहले ही कांग्रेस (अंतरिम)अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सीडब्ल्यूसी की बैठक जल्द आयोजित होगी इसका संकेत दे दिया था। उसी के मुताबिक आने वाले दिनों में सीडब्ल्यूसी की बैठक आयोजित की जाएगी।' बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद और कपिल सिब्बल ने पार्टी के आंतरिक मसलों पर चर्चा के लिए फौरन सीब्ल्यूसी की बैठक आयोजित करने की मांग की थी। इस मांग का तात्कालिक कारण पार्टी से हुए दलबदल और पंजाब समेत कुछ राज्यों में मची उथल-पुथल है। जी-23 पार्टी के उन नेताओं के समूह के लिए इस्तेमाल होता है, जिन्होंने संगठन में सुधार के लिए पिछले साल सोनिया को एक चिट्ठी लिखी थी।
सिब्बल ने पूछा था कांग्रेस में फैसले कौन ले रहा है ?
सिब्बल ने पार्टी में निर्णय लेने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए थे और पूछा था कि अध्यक्ष जब नहीं है तो कांग्रेस में फैसले कौन ले रहा है? उन्होंने ऐसी बातचीत की मांग की थी, जिसमें सभी वरिष्ठ नेताओं को सुना जाए। वे बोले थे, 'हमारी पार्टी में इस समय कोई अध्यक्ष नहीं है। इसलिए हम नहीं जानते कि कौन फैसले ले रहा है। हम जानते हैं और फिर भी हम नहीं जाते हैं........मुझे लगता है कि हमारे एक वरिष्ठ सहयोगी ने कांग्रेस अध्यक्ष को तत्काल सीडब्ल्यूसी की बैठक बुलाने के लिए लिखा है। जिससे कि कम से कम जो हम सार्वजनिक रूप से नहीं बोल सकते, हम सीब्ल्यूसी में चर्चा कर सकते हैं कि हमारी ऐसी स्थिति क्यों है।'
आजाद ने लिखी है सीडब्ल्यूसी की बैठक बुलाने के लिए चिट्ठी
उधर गुलाम नबी आजाद ने भी कांग्रेस अध्यक्ष को सीडब्ल्यूसी की बैठक जल्द आयोजित करने के लिए लिखा है। आजाद ने कहा है कि पार्टी को सुझावों का स्वागत करना चाहिए और उसे दबाना नहीं चाहिए। हालांकि, आजाद और जी-23 के दूसरे नेता सीडब्ल्यूसी का हिस्सा हैं, लेकिन सिब्बल नहीं हैं।
हम जी-23 हैं, जी हुजूर-23 नहीं- सिब्बल
इससे पहले सिब्बल ने बुधवार की प्रेस कांफ्रेंस में जो तेवर दिखाए थे, उसके बाद सुरजेवाला ने उनपर पलटवार कर कहा था, 'प्रत्येक कांग्रेसी को भी गंभीरता से आत्मनिरीक्षण करना चाहिए कि क्या वे अपने शब्दों और कार्यों से संकट के वक्त कांग्रेस को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं।' दलअसल, सिब्बल ने कहा था कि 'हम जी-23 हैं, जी हुजूर-23 नहीं। हम अपनी बातें रखते रहेंगे और अपनी मांगें दोहराते रहेंगे।' उन्होंने आलाकमान पर निशाना साधते हुए कहा था कि किसी भी देश या राजनीतिक दल की सत्ता संरचना में कोई एकाधिकार नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications