कांग्रेस ने जारी की 2 उम्मीदवारों की सूची, भरूच से ये होंगे पार्टी के प्रत्याशी
नई दिल्ली। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2019 (Lok Sabha Elections 2019) के लिए दो उम्मीदवारों की सूची जारी की है। कांग्रेस (Congress) ने गुजरात की भरूच और दाहोद सीट पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। दाहोद (सुरक्षित) सीट से कांग्रेस ने बाबूभाई कटारा को उम्मीदवार घोषित किया है जबकि भरूच लोकसभा सीट से पार्टी ने शेरखान अब्दुल पठान को मैदान में उतारा है। भरूच सीट से पार्टी के दिग्गज नेता अहमद पटेल के चुनाव लड़ने की अटकलें जोरों पर थी लेकिन पार्टी ने यहां से शेरखान पठान को टिकट दिया है।

इसके पहले कांग्रेस ने गुजरात में 6 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की थी। इन नामों में बनासकांठा सीट से कांग्रेस ने प्रार्थीभाई भतोल को टिकट दिया है, जबकि साबरकांठा सीट से राजेंद्र ठाकोर को टिकट मिला है। वहीं अमरेली से परेश धनाणी को टिकट दिया गया है तो वहीं भावनगर से मनहार पटेल को टिकट मिला है। खेड़ा सीट से कांग्रेस ने बिमल शाह को उतारा है तो वहीं सूरत सीट से अशोक अधेवाडा को टिकट मिला है।
पढ़ें: लोकसभा चुनाव 2019 की विस्तृत कवरेज
कांग्रेस ने गांधी नगर सीट से डॉ सी चावड़ा को टिकट दिया है। चावड़ा गांधी नगर (उत्तर) से मौजूदा विधायक हैं और इस बार वो बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरे हैं। वहीं लोकसभा चुनाव की गहमागहमी और नामांकन के बीच गुजरात की सात सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया। इनमें आणंद से पूर्व केंद्रीय मंत्री भरतसिंह सोलंकी ने नामांकन भरा।
अहमदाबाद पूर्व से गीता पटेल के नाम की घोषणा ने सबको चौका दिया। कांग्रेस के सात प्रत्याशियों ने विविध संसदीय क्षेत्रों में नामांकन भरा, इनमें आणंद, अमरेली, राजकोट, सुरेंद्रनगर, पंचमहाल, पोरबंदर व अहमदाबाद पश्चिम लोकसभा सीट शामिल है। पिछले लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 26 सीटों पर बीजेपी ने कब्जा जमाया था।












Click it and Unblock the Notifications