राहुल गांधी के सामने शिवभक्ति दिखाने पर कांग्रेस नेता को 'दंड'
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मानसरोवर यात्रा करके आए। भोपाल में जब रोड शो करने निकले तो भोलेनाथ के गूंज हर जगह दिखी। अमेठी गए तो भी शिव का आशीर्वाद लिया, लेकिन इलाहाबाद में न जाने ऐसा क्या हो गया कि कांग्रेस ने अपनी पार्टी के एक पदाधिकारी को शिवभक्ति पर दंड दे डाला।

खबर कुछ यूं है कि राहुल गांधी 28 सितंबर को मध्य प्रदेश के चित्रकूट गए थे, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। लौटते वक्त इलाहाबाद के बमरौली एयरपोर्ट पर राहुल गांधी कुछ समय रुके थे। इस दौरान उनके सामने हर-हर महादेव और बम बम भोले के नारे लगाए थे। नारे लगाने वालों में युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव हसीब अहमद भी थे। कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष को बम भोले के नारे लगाना ठीक नहीं लगा। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर को पत्र लिखकर हसीब अहमद को बर्खास्त करने को कहा है।
अब कन्फ्यूजन इस बात को लेकर है कि एक ओर कांग्रेस राहुल गांधी को शिवभक्त बता रही है। खुद राहुल गांधी ने गुजरात चुनाव प्रचार के दौरान बाकायदा प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया कि वह शिवभक्त हैं। ऐसे में यह समझ नहीं आ रहा है कि आखिर शिव के नारे लगाने पर क्यों पार्टी नेता को बर्खास्त करने की मांग की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications