'राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट हुआ सस्पेंड', कांग्रेस के इस दावे को ट्विटर ने किया खारिज, कहा- ऐसा कुछ नहीं है
राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट हुआ सस्पेंड, कांग्रेस के इस दावे को ट्विटर ने किया खारिज, कहा- ऐसा कुछ नहीं है
नई दिल्ली, 08 अगस्त: कांग्रेस ने शनिवार (07 अगस्त) को दावा किया कि राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया गया है। कांग्रेस के इस दावे से ठीक एक दिन पहले दिल्ली की रेप पीड़िता की तस्वीर पोस्ट किए जाने और ट्विटर द्वारा उसको हटाए जाने को लेकर विवाद हुआ था। कांग्रेस ने यह दावा किया है कि राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया है और निलंबित अकाउंट को बहाल करने के लिए "उचित प्रक्रिया" का पालन किया जा रहा था। कांग्रेस के इस दावे को सोशल मीडिया कंपनी ट्विटर ने खारिज कर दिया है। ट्विटर के एक प्रवक्ता ने कहा है कि राहुल गांधी का अकाउंट सस्पेंड नहीं किया गया है। अकाउंट पर सर्विस जारी है।
Recommended Video

कांग्रेस ने कहा- राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट अस्थायी रूप से निलंबित
कांग्रेस ने अपने अधिकारिक हैंडल से शनिवार को ट्विटर को करते हुए कहा कि राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। कांग्रेस ने ट्वीट किया, ''राहुल गांधी के ट्विटर अकाउंट को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है और इसकी बहाली के लिए उचित प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है। तब तक, वह अपने अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के माध्यम से आप सभी से जुड़े रहेंगे और हमारे लोगों के लिए अपनी आवाज उठाते रहेंगे और उनके हक के लिए लड़ते रहेंगे। जय हिंद।''

आखिर राहुल गांधी के ट्विटर के साथ क्या हो रहा है?
हालांकि, बाद में यह स्पष्ट किया गया कि खाता अस्थायी रूप से बंद नहीं लॉक किया गया था। मामले के बारे में एक कांग्रेस पदाधिकारी ने कहा, 'वह (राहुल गांधी) सुबह से अपने पेज पर पोस्ट नहीं कर पा रहे थे। अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, "इसीलिए कांग्रेस पार्टी के हैंडल से यह संदेश दिया गया कि राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट सस्पेंड किया गया है।"

ट्विटर ने कहा- राहुल गांधी के अकाउंट को कभी सस्पेंड नहीं किया गया था
ट्विटर के अधिकारिक बयान के मुताबिक राहुल गांधी के अकाउंट को कभी भी सस्पेंड नहीं किया गया था। ट्विटर ने कहा कि जब कोई खाता निलंबित किया जाता है, तो उसे वैश्विक दृष्टिकोण से हटा दिया जाता है, वे कांग्रेस के दावे को देख रहे हैं।

ट्विटर ने इसलिए राहुल गांधी के खिलाफ लिया एक्शन
राहुल गांधी ने शुक्रवार (06 अगस्त) को दिल्ली में 9 साल की बच्ची, जिसकी कथित रूप से रेप के बाद हत्या कर दी गई है, उसके परिवार से मिलते हुए एक तस्वीर शेयर की थी। ट्विटर ने राहुल गांधी के ये पोस्ट नियमों का उल्लंघन बताते हुए हटा दिया था। असल में भारत में रेप पीड़िता और उसके परिवार की पहचान उजागर करना कानूनन जुर्म है।












Click it and Unblock the Notifications