'मुकदमे की धमकी देकर पैसे ऐंठती हैं अर्चना गौतम, नेता से मांगे थे 5 करोड़', अब कांग्रेस ने खोली पोल
Archana Gautam News Update: कांग्रेस की मेरठ यूनिट ने अभिनेत्री और बिग बॉस फेम अर्चना गौतम के खिलाफ फर्जी मुकदमे की धमकी देकर पैसे ऐंठने का आरोप लगाया है। मेरठ की कांग्रेस यूनिट ये आरोप लगाते हुए शनिवार को पुलिस से शिकायत की और अर्चना गौतम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस ने ये शिकायत अर्चना गौतम और उनके पिता के साथ दिल्ली में कांग्रेस कार्यालय के बाहर कथित तौर पर हुई मारपीट के बाद की है। अर्चना गौतम ने कहा कि जब वह और उनके पिता दिल्ली में कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी से मिलने जा रही थीं तो उनके साथ दुर्व्यवहार और पिटाई की गई।

मेरठ कांग्रेस यूनिट ने अर्चना गौतम पर क्या-क्या लगाए गंभीर आरोप
इंडिया टीवी के रिपोर्ट के मुताबिक मेरठ कांग्रेस यूनिट के शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को सौंपे पत्र में कहा कि अर्चना गौतम ने चुनाव के दौरान कई गाड़ियां किराये पर ली थीं, लेकिन किराया नहीं दिया था। कांग्रेस ने आगे कहा कि जब अर्चना गौतम से संपर्क किया गया तो वह पहुंच से बाहर थीं। कांग्रेस ने कहा, "हमारे कई अधिकारियों ने अर्चना गौतम से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।"
'अर्चना गौतम ने उत्पीड़न के तहत मामला दर्ज कराने की धमकी दी'
कांग्रेस का आरोप है कि अर्चना गौतम ने उत्पीड़न अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराने की भी धमकी दी है। कांग्रेस ने शिकायत पत्र में आरोप लगाया कि कुछ महीने बाद जब अर्चना गौतम मेरठ आईं तो उनसे इस संबंध में बैठक की गई थी। हालांकि अर्चना गौतम ने सभी को धमकी दी कि दोबारा कोई भी उनके सामने इस मामले का जिक्र न करे, नहीं तो वह उत्पीड़न अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराएंगी।
कई महिला कार्यकर्ताओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया अर्चना ने!
शिकायत पत्र के मुताबिक अर्चना गौतम ने कई महिला कार्यकर्ताओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया। एक बार अर्चना गौतम और उनके पिता मेरठ कार्यालय से पेंट और सफेद सीमेंट की दो पेटी जबरन उठा ले गए। जब अर्चना गौतम को मना किया गया तो उन्होंने फिर से उन्हें रोकने वालों पर मुकदमा करने की धमकी दी।
मेरठ कांग्रेस का आरोप- सोची-समझी रणनीति के तहत ड्रामा करती हैं अर्चना गौतम
शिकायत पत्र में ये भी कहा गया है कि सुर्खियों में रहने के लिए अर्चना ने तिरूपति मंदिर परिसर में हाईवोल्टेज ड्रामा किया। रायपुर अधिवेशन में भी अर्चना गौतम ने नौटंकी का सहारा लिया और पार्टी के एक बड़े नेता पर झूठा और फर्जी मामला दर्ज करवाया है।
प्रेस नोट में मेरठ कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अर्चना गौतम सोची-समझी रणनीति के तहत ड्रामा रचती हैं। वह प्रचार और पैसा पाने के लिए राजनीतिक मंचों का इस्तेमाल करती हैं। उन्होंने प्रतिष्ठित लोगों को बदनाम करना और विवाद पैदा करना अपना पेशा बना लिया है। इसके अलावा, उसके पिता पैसे ऐंठने के लिए शहर में बदनाम हैं। अर्चना गौतम ने पार्टी के एक बड़े नेता से 5 करोड़ रुपये की मांग की थी।
जून में अर्चना गौतम को पार्टी से निकाल दिया गया था
कांग्रेस की मेरठ यूनिट ने कहा कि इससे पहले जून में अर्चना गौतम को अनुशासनहीनता के चलते पार्टी से निकाल दिया गया था। जिसके बाद वह फिर से विवाद खड़ा करने की साजिश रच रही हैं। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि मेरठ पुलिस प्रशासन के कुछ अधिकारी या कर्मियों ने अर्चना गौतम की मिलीभगत की या उनकी मदद की है।












Click it and Unblock the Notifications