कांग्रेस का 138वां स्थापना दिवस,खड़गे बोले- राहुल की यात्रा से कार्यकर्ताओं को मिली संजीवनी
कांग्रेस अपना 138वां स्थापना दिवस मना रही। जिसके तहत देशभर में कार्यक्रम आयोजित हो रहे। दिल्ली में भी पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी झंडा फहराया।

कांग्रेस आज अपना 138वां स्थापना दिवस मना रही, जहां दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने झंडा फहराया। इस दौरान कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मौजूद नेताओं को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमें कांग्रेस पार्टी को समावेशी बनाने के लिए युवाओं, महिलाओं, वंचित तबकों और बुद्धिजीवियों को हमारे साथ जोड़ना होगा, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से देशभर में करोड़ों कार्यकर्ताओं को संजीवनी मिली है। इसने हमारे प्रतिद्वंद्वियों को बेचैन कर दिया है। हम लोगों से इस यात्रा में शामिल होने की अपील करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत के मूल सिद्धांतों पर लगातार हमले हो रहे हैं। पूरे देश में नफरत का गड्ढा खोदा जा रहा और जनता मंहगाई, बेरोजगारी से परेशान है लेकिन सरकार को कोई परवाह नहीं है।
खड़गे ने आगे कहा कि आज भारत ने प्रगति की है क्योंकि कांग्रेस ने दलितों, गरीबों की बेड़ियों को तोड़ने का साहस किया है। लोकतंत्र को मजबूत रखने के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू ने अपने मंत्रिमंडल में 5 गैर-कांग्रेसी मंत्रियों को नियुक्त किया। ये सबको साथ लेकर चलने के सिद्धांत को दर्शाता है। कांग्रेस अध्यक्ष के मुताबिक कांग्रेस ने हमेशा भारत के लोगों की भलाई और प्रगति के लिए काम किया। हम संविधान में निहित राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकारों से जुड़ी, अवसर की समानता में विश्वास करते हैं।
कब हुई थी कांग्रेस की स्थापना?
आपको बता दें कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना 28 दिसंबर 1885 को हुई थी। उस दौरान मुंबई के दास तेजपाल संस्कृत कॉलेज में 72 प्रतिनिधियों की उपस्थिति में इसकी नींव रखी गई। इसके संस्थापक महासचिव एओ ह्यूम थे, जबकि व्योमेश चंद्र बनर्जी को अध्यक्ष बनाया गया। वैसे तो लंबे वक्त से कांग्रेस अध्यक्ष का पद गांधी परिवार के पास था, लेकिन कुछ महीने पहले ही मल्लिकार्जुन खड़गे को नया अध्यक्ष चुना गया।












Click it and Unblock the Notifications