नहीं थम रहीं सलमान खान और शिल्पा शेट्टी की मुश्किलें, जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करने के लिए अब मुंबई में शिकायत दर्ज
वाल्मीकि समाज के लिए जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करने के लिए बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के खिलाफ मुंबई में शिकायत दर्ज हुई है। सलमान खान और शिल्पा शेट्टी ने एक इंटरव्यू में जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल किया था जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
Recommended Video


मुंबई। वाल्मीकि समाज के लिए जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करने के लिए बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के खिलाफ मुंबई में शिकायत दर्ज हुई है। मुंबई में अनुसूचित जाति के पूरे समुदाय को अपमानित करने के लिए दोनों के खिलाफ शिकायत की गई। सलमान खान और शिल्पा शेट्टी ने एक इंटरव्यू में जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल कर समाज की भावनाएं आहत कर दी हैं। इसके बाद से देश के अलग-अलग हिस्सों में दोनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। सलमान की हाल ही में रिलीज फिल्म के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की जा रही है।

राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने मांगा जवाब
सलमान खान और शिल्पा शेट्टी ने अपने-अपने एक इंटरव्यू में एक जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल किया था। सलमान ने अपने डांस तो शिल्पा ने लुक के लिए इस जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल किया था। दोनों के इंटरव्यू के वीडियो कुछ दिन पहले ही वायरल हुए हैं जिसके बाद से इसपर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने इस टिप्पणी के लिए सूचना और प्रसारण मंत्रालय एवं दिल्ली और मुंबई के पुलिस कमिश्नर से 7 दिनों के भीतर जवाब मांगा है।

वाल्कीमिक समाज ने की थी FIR की मांग
आयोग ने दोनों के खिलाफ दर्ज हुई शिकायत पर ये जवाब मांगा है। सबसे पहले वाल्मीकि समाज एक्शन कमेटी, दिल्ली प्रदेश ने पश्चिमी दिल्ली के डीसीपी को दोनों के खिलाफ शिकायती पत्र लिखा था। वाल्मीकि समाज एक्शन कमेटी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने पश्चिम दिल्ली के डीसीपी को शिकायत पत्र लिखकर दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की थी। पत्र में कहा गया था कि सलमान खान और शिल्पा शेट्टी ने एक इंटरव्यू में वाल्मीकि समाज के लिए जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल किया है।

सलमान की फिल्म 'टाइगर जिंदा है' का जमकर विरोध
सोशल मीडिया पर लोगों में दोनों के खिलाफ काफी गुस्सा है। मंगलवार को राजस्थान के अजमेर में दोनों के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। अजमेर में दोनों के पुतले फूंके गए और सलमान के होर्डिंग्स को आग भी लगा दी गई। इसके अलावा जयपुर और जोधपुर में सलमान की हाल ही रिलीज फिल्म 'टाइगर जिंदा है' को लेकर भी जबरदस्त विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। लोगों ने विरोध में सिनेमा हॉल में तोड़-फोड़ के साथ पोस्टर-बैनर फाड़ डाले। प्रदर्शनकारियों ने सलमान का पुतला फूंका और फिल्म के शो रद्द करने की भी मांग की।

मुरादाबाद में भी सलमान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
सलमान के खिलाफ मुरादाबाद में भी जमकर विरोध हुआ। एक थिएटर के बाहर जमा होकर लोगों ने 'सलमान खान हाय-हाय' के नारे लगाए। इन लोगों का आरोप है कि सलमान और शिल्पा ने उनका अपमान किया है और उनकी सरकार से मांग है कि दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा है कि अगर उनकी मांग नही मानीं जाती है तो वे देशभर में एक बड़ा अभियान छेड़ने को मजबूर होंगे।












Click it and Unblock the Notifications