मुश्किल में सलमान खान, चलती गाड़ी से पत्रकार का मोबाइल छीनने पर शिकायत दर्ज
मुंबई। बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के खिलाफ एक पत्रकार ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने सलमान पर उनका फोन छीनने का आरोप लगाया है। दरअसल पत्रकार सलमान का वीडियो बनाने की कोशिश कर रहा था जब सलमान ने उसका फोन छीन लिया। शिकायत करने वाले पत्रकार का नाम अशोक श्यामलाल पांडे है।

'सलमान के बॉडीगार्ड से पूछकर बना रहे थे वीडियो'
अशोक का कहना है कि वेऔर उनके कैमरा मैन मुंबई के जुहू से कांदीवली की ओर जा रहे थे कि तभी उन्होंने सलमान खान को साइकिल चलाते देखा। उन्होंने सलमान के बॉडीगार्ड से पूछा कि क्या वे सलमान का वीडियो बना सकते हैं तो उसने हामी भर दी थी। इसके बाद ही उन लोगों ने सलमान का वीडियो बनाना शुरू किया था।

'सलमान ने हाथ से फोन छीना और चले गए'
अशोक ने बताया कि हमने फोन निकालकर सलमान का वीडियो शूट करना चाहा। अचानक सलमान ने अपने बॉडीगार्ड की ओर देखा जो कि मोटरसाइकिल पर था। वो हमारे पास आया और हमारे कैमरा मैन को धक्का दिया। हमारे बीच बहस होने लगी। सलमान ने अपनी साइकिल घुमाई और हमारे पास आए। हमने कहा हम प्रेस से हैं तो सलमान ने कहा कि उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। ये बोलते ही उन्होंने हमारा फोन छीना और वहां से निकल गए।

पुलिस को फोन मिलाया तो वापस किया फोन
पत्रकार के अनुसार इस सब के बाद जब वे पुलिस को फोन मिलाने लगे तो सलमान के बॉडीगार्ड ने उनका फोन वापस कर दिया। पत्रकार की शिकायत के बाद एक शिकायत आई है कि वे लोग बिना इजाजत सलमान की तस्वीर खींच रहे थे। बता दें कि विवादों से हमेशा ही सलमान खान का नाता रहा है। ऐसे में एक और शिकायत उनके लिए मुसीबत ही है।
यह भी पढ़ें- जानिए महाराष्ट्र की कल्याण लोकसभा सीट के बारे में विस्तार से












Click it and Unblock the Notifications