ओडिशा के भद्रक में सांप्रदायिक हिंसा, 48 घंटे के लिए इंटरनेट बैन
ओडिशा के भद्रक जिले में दो गुटों के बीच तनाव के चलते स्थिति बिगड़ गई है, जिसे देखते हुए प्रदेश सरकार ने 48 घंटे के लिए इंटरनेट की सेवाओं को प्रतिबंधित कर दिया है। दरअसल यहां सोशल मीडिया पर पोस्ट के चलते विवाद हो गया था। प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव सत्यब्रत साहू ने कहा कि गृह विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स और अन्य इंटरनेट सेवाओं पर अगले 48 घंटे के लिए बैन लगा दिया है। यह बैन 30 सितंबर की रात 2 बजे तक लागू रहेगा।
बता दें कि शुक्रवार की शाम भद्रक जिले में सांप्रदायिक तनाव बढ़ गया था। इस दौरान भड़की हिंसा में भीड़ ने पुलिस पर भी हमला कर दिया, जिसमे तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल पुलिसकर्मियों की पहचान भद्रक टाउन एसआई रोजेन मुर्मू, आईआईसी अजय सुदर्शन बागे और सिटी डीएसपी अंशुमान द्विवेदी के तौर पर हुई है। रोजेन मुर्मू के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें भद्रक के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हिंसा को बढ़ता देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। इलाके में पुलिस की 10 प्लाटून को तैनात किया गया है। साथ ही पुलिस ने यहां फ्लैग मार्च किया। हिंसा के बाद इलाके में धारा 163 लागू कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने यहां किसी भी तरह की बैठक, सभा के आयोजन, प्रदर्शन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। अगर कोई भी ऐसा करता पाया जाता है तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
पुराना बाजार पुलिस स्टेशन के पास नांगामहल इलाके में लोग टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें शांत करने की कोशिश की तो उग्र भीड़ ने अधिकारियों पर अचानक से हमला बोल दिया। सैकड़ों लोगों की भीड़ ने अधिकारियों की गाड़ी पर भी हमला किया।












Click it and Unblock the Notifications