प्रेम प्रसंग में अंकित सक्सेना की गला रेतकर हत्या, सांप्रदायिक तनाव बढ़ा
नई दिल्ली। यूपी के बाद अब देश की राजधानी के रघुबीर नगर में सांप्रदायिक तनाव बढ़ गया है, यहां 23 वर्षीय फोटोग्राफर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। यह घटना उस वक्त हुई जब चार परिवार के सदस्यों के बीच कहासुनी हो गई। पुलिस के अनुसार एक युवती का दूसरे धर्म के युवक से प्रेम प्रसंग था, जिसको लेकर विवाद हो गया था। जिस वक्त युवती अपने प्रेमी अंकित सक्सेना का मेट्रो स्टेशन पर गुरुवार को इंतजार कर रही थी, उस वक्त युवती के परिवार के सदस्यों की अंकित से भिड़ंत हुई, उनका आरोप था कि अंकित ने उनकी बेटी को अगवा कर लिया है।

पिता हुआ फरार
इस घटना के बारे में डीसीपी विजय सिंह ने बताया कि इस बात को लेकर दोनों पक्ष में बहस हुई थी कि अंकित सक्सेना का 20 वर्षीय अल्पसंख्यक समुदाय की युवती से संबंध था। पुलिस के अनुसार युवती के माता-पिता, उसके चाचा और 16 साल के भाई युवती के प्रेम संबंध के खिलाफ ते, जिसके बाद गुरुवार दोपहर उनका उससे सामना हुआ और युवती से दूर रहने की चेतावनी दी। दोनों के बीच जब विवाद बढ़ा तो यह बहस झड़प में बदल गई। पुलिस ने बताया कि युवती के पिता ने अंकित सक्सेना का गला चाकू से काट दिया और फरार हो गए।
चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी
इस घटना के बाद रघुबीर नगर में तनाव काफी बढ़ गया जब अंकित सक्सेना के घर के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। एक तरफ जहां अंकित की मां रो रही थीं तो उन्हें कई महिलाओं ने घेर रखा था और सांत्वना दे रही थीं। लोगों ने इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है, साथ ही यहां सांप्रदायिक तनाव बढ़ने की भी आशंका जताई है। शुक्रवार की शाम को भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। अंकित के घर के हर तरफ बीएसएफ के जवानों को तैनात किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई घटना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती के घर वालों का आरोप है कि अंकित ने उनकी बेटी को अगवा किया था और हम उससे सिर्फ अपनी बेटी के बारे में पूछ रहे थे, लेकिन इसी बीच अंकित व लड़की के घरवालों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद युवती के पिता ने चाकू निकाला और अंकित के गले पर हमला कर दिया। घटना के बाद अंकित के घरवाले उसे लेकर गुरु गोविंद सिंह अस्पताल पहुंचे जहां अंकित की मृत्यु हो गई। अंकित की मां ने बताया कि मैंने जहां से खून बह रहा था उसे रोकने की कोशिश की लेकिन मेरा हाथ हट गया।












Click it and Unblock the Notifications