कॉमेडियन ट्रेवर नोआ के फैन्स को बड़ा झटका, आखिरी वक्त में कैंसिल हुए बेंगलुरु के दोनों शो
कॉमेडियन ट्रेवर नोआ के फैन्स को एक बड़ा झटका लगा है, क्योंकि उनका बेंगलुरु वाला शो कैंसिल हो गया। उन्होंने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उनके मुताबिक कुछ टेक्नीकल मुद्दे थे, जिसकी वजह से ये फैसला लिया गया है।
नोआ ने ट्विटर पर लिखा कि डियर बेंगलुरु (इंडिया), मैं आपके अद्भुत शहर में प्रदर्शन करने के लिए बहुत उत्सुक था, लेकिन तकनीकी समस्याओं के कारण हमें दोनों शो रद्द करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

उन्होंने आगे लिखा कि हमने सब कुछ करने की कोशिश की, लेकिन दर्शक मंच से कॉमेडियन की बातों को नहीं सुन सकते थे, ऐसे में शो करने का कोई दूसरा तरीका नहीं था। हम ये सुनिश्चित करेंगे कि जिन्होंने भी टिकट खरीदा है, उनको पूरा रिफंड मिले। उन्होंने अंत में लिखा कि पहले कभी भी मेरे साथ ऐसा नहीं हुआ है। मुझे इसको लेकर बहुत ज्यादा दुख है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नोआ को बुधवार और गुरुवार को बेंगलुरु के मैनफो कन्वेंशन सेंटर में लाइव शो करना था, जिसके लिए टिकटों की काफी बिक्री भी हुई थी, लेकिन अंतिम वक्त में दोनों शो कैंसिल कर दिए गए।
नोआ "ऑफ द रिकॉर्ड टूर" के तहत भारत के कई शहरों की यात्रा करने के लिए आए हैं। इससे पहले 22, 23 और 24 सितंबर को उन्होंने दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शो किया। जिसमें बड़ी संख्या में लोग आए थे। अब वो 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को दक्षिण मुंबई में एनएससीआई डोम में शो करेंगे।
जनवरी में शुरू हुआ था टूर
आपको बता दें कि पॉपुलर स्टैंड-अप कॉमेडियन ट्रेवर नोआ का 'ऑफ द रिकॉर्ड टूर' काफी बड़ा प्रोजेक्ट है। ये 20 जनवरी, 2023 को अटलांटा में शुरू हुआ था। इसके तहत उन्होंने एशिया और अमेरिका के कई बड़े शहरों की यात्रा की। वो भारत में पहली बार शो करने आए हैं, ऐसे में लोगों में और ज्यादा उत्साह था।












Click it and Unblock the Notifications