उत्तर भारत में शीतलहर से बढ़ेगी ठंड, UP के कई जिलों में स्कूल बंद
नई दिल्ली। समूचे उत्तर भारत में शीतलहर ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग की मानें तो कड़ाके की सर्दी से हाल फिलहाल में निजात नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल ठंड से राहत के कोई आसार नहीं हैं। यूपी में घना कोहरा देखने को मिलेगा। इसको देखते हुए यूपी के विभिन्न जिलों के स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गईं हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने 21 और 22 दिसंबर को 2500 फीट से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है।

उत्तर भारत में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि पहाड़ों पर बर्फबारी मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ा रही है। इसका असर ये रहेगा कि हाड़ कंपाने वाली ठंड जारी रहेगी। उत्तर भारत के कई इलाकों में कोहरे के साथ शीतलहर की स्थिति देखने को मिल सकती है। 18 दिसंबर को कुछ हिस्सों में बारिश का भी अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक जिले के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान पारा 15 से 16 डिग्री के आसपास रहेगा।
बादल छंटने के बाद पारा 3 से 4 डिग्री नीचे जाएगा। जनवरी के दूसरे सप्ताह में कड़ाके की ठंड अपने तेवर को दिखा सकता है। मौसम विभाग कि मानें तो आने वाले एक दो दिनों तक मौसम का रूख यथावत बना रहेगा। मौसम का हाल बताने वाली निजी एजेंसी स्काई-मेट वेदर के मुताबिक, देश के उत्तर पश्चिमी मैदानी इलाकों में सुबह के समय कुछ स्थानों पर घने कोहरे का सामना करना पड़ सकता है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्द हवाओं के साथ मध्यम कोहरे की स्थिति देखी जा सकती है।
स्काईमेट वेदर के अनुसार जम्मू कश्मीर के पास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के आगे निकल जाने के बाद अब उत्तर पश्चिमी ठंडी हवा उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में चलने लगी हैं। दिल्ली एनसीआर में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही हैं। वहीं दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान में घने कोहरे की शुरुआत भी हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications