Cockroach Janta Party का अगला मिशन क्या? 2.2 करोड़ युवाओं के सपोर्ट के बाद CJP ने खोले अपने बड़े राज
CJP Outlines Future Blueprint: भारत की समकालीन राजनीति और डिजिटल स्पेस में इन दिनों एक बेहद अजीबोगरीब और अभूतपूर्व आंदोलन ने तूफान ला दिया है। सोशल मीडिया पर महज एक मजाक और व्यंग्य (Satire) के रूप में शुरू हुई 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) अब देश के करोड़ों युवाओं की हताशा, बेरोजगारी और सिस्टम के खिलाफ गुस्से का एक बड़ा वैश्विक मंच बन चुकी है।
इंस्टाग्राम पर देखते ही देखते 2.2 करोड़ (22.8 Million) से अधिक फॉलोअर्स का आंकड़ा पार करने वाली इस वर्चुअल पार्टी ने अब अपने भविष्य के रोडमैप का खाका देश के सामने रखा है।

इस 'सटायर मूवमेंट' के संस्थापक और पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रैटेजिस्ट अभिजीत डिपके ने साफ कर दिया है कि उनका मकसद युवाओं की आवाज को एक संगठित आंदोलन में बदलना है।
क्यों और कैसे हुआ 'कॉकरोच जनता पार्टी' का जन्म?
दरअसल, यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत की एक टिप्पणी में कुछ युवाओं की तुलना 'कॉकरोच' से किए जाने का मुद्दा सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसी के जवाब में 'Cockroach Janta Party' नाम से एक इंस्टाग्राम पेज बनाया गया, जिसने देखते ही देखते करोड़ों युवाओं का समर्थन जुटा लिया।
अब यह पेज सोशल मीडिया पर 2.28 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स के साथ एक बड़े डिजिटल कैंपेन में बदल चुका है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही था कि आखिर आगे क्या? क्या यह सिर्फ एक वायरल ट्रेंड बनकर खत्म हो जाएगा या फिर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर कोई बड़ा आंदोलन बनेगा? अब खुद CJP ने इस पर अपनी रणनीति साफ कर दी है।
CJP का भविष्य का एजेंडा: क्या है अगला कदम?
सीजेपी ने अपनी नई इंस्टाग्राम पोस्ट में साफ किया कि वे देश के महापुरुषों-महात्मा गांधी, डॉ. बी.आर. आंबेडकर, जवाहरलाल नेहरू, शहीद भगत सिंह और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सिद्धांतों से प्रेरणा लेते हैं। उनके मुख्य संकल्प में कहा गया है-
संविधान और सामाजिक न्याय: यह आंदोलन पूरी तरह से भारतीय संविधान के मूल्यों, धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर आधारित होगा।
पार्टीबाजी से दूर रचनात्मक मुद्दे: सीजेपी किसी भी मुख्यधारा की राजनीतिक पार्टी का हिस्सा नहीं बनेगी और न ही किसी दलगत राजनीति में फंसेगी। इसका पूरा ध्यान शिक्षा, रोजगार, पर्यावरण और संस्थागत पारदर्शिता पर रहेगा।
2.2 करोड़ युवाओं से सुझाव की अपील: सीजेपी ने अपने विशाल समुदाय से देश को बेहतर बनाने और युवाओं की समस्याओं को हल करने के लिए सुझाव मांगे हैं। अगले कुछ दिनों में इन सुझावों को कंपाइल करके बड़े जमीनी और डिजिटल अभियान (Structured Action) शुरू किए जाएंगे। पोस्ट में लिखा गया, "कॉकरोच अंधेरे कोनों में भी जीवित रहने और हर दमनकारी कोशिश के बाद भी टिके रहने के लिए जाने जाते हैं। इस देश का युवा भी आज ऐसा ही महसूस कर रहा है-उपेक्षित और प्रताड़ित, लेकिन हार न मानने वाला।"
सबसे बड़ा सवाल- क्या राजनीतिक पार्टी बनेगी CJP?
अपने पोस्ट में CJP ने साफ किया कि उनका उद्देश्य पारंपरिक राजनीति में उतरना नहीं, बल्कि युवाओं की समस्याओं को मजबूती से उठाना है। उन्होंने कहा कि उनका आंदोलन संविधान के मूल्यों पर आधारित रहेगा। पोस्ट में गांधी, बाबा साहेब आंबेडकर, जवाहरलाल नेहरू, भगत सिंह और नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जिक्र करते हुए कहा गया कि वे धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों में विश्वास रखते हैं।
CJP ने कहा-हमारी सोच साफ है देश के युवाओं को शिक्षा, रोजगार, पर्यावरण और संस्थागत पारदर्शिता के मामले में बेहतर व्यवस्था मिलनी चाहिए। हम इन मुद्दों को रचनात्मक तरीके से उठाएंगे, बिना किसी दलगत राजनीति में फंसे।"
2 करोड़ युवाओं से मांगे सुझाव
CJP ने कहा कि अगले कुछ दिनों में वे अपने 22 मिलियन से ज्यादा समर्थकों से सुझाव लेंगे और सबसे अच्छे आइडियाज को कैंपेन में बदलेंगे। इसके बाद संगठित और सामूहिक कार्रवाई की दिशा में काम किया जाएगा। पोस्ट में युवाओं से अपील की गई कि वे इस मूवमेंट का हिस्सा बनें और देश को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव साझा करें। अंत में उन्होंने लिखा-कॉकरोच अभी सिर्फ शुरुआत कर रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट में पहुंचा मामला
इस बीच, 'Cockroach Janta Party' अब कानूनी विवादों में भी घिरती नजर आ रही है। रविवार को राजा चौधरी नाम के एक व्यक्ति ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर CBI जांच की मांग की। याचिकाकर्ता का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के जज की मौखिक टिप्पणी का इस्तेमाल कमर्शियल और राजनीतिक ब्रांडिंग के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 'Cockroach Janta Party' नाम से ट्रेडमार्क आवेदन करना न्यायपालिका की टिप्पणियों का गलत इस्तेमाल है।
संस्थापक के परिवार की सुरक्षा बढ़ी
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में CJP के संस्थापक अभिजीत डिपके के घर के बाहर पुलिस तैनात की गई है। पुलिस का कहना है कि यह एहतियातन कदम है ताकि भीड़ न जुटे। हालांकि, अमेरिका में रह रहे डिपके का दावा है कि उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई है।
उनके पिता ने एक मराठी चैनल से कहा कि उन्हें डर है कि प्रसिद्धि के बाद उनके बेटे को निशाना बनाया जा सकता है। वहीं उनकी मां ने कहा कि वे सिर्फ अपने बेटे की सुरक्षित वापसी चाहती हैं।
अब सवाल यह है कि क्या 'Cockroach Janta Party' सोशल मीडिया की दुनिया से निकलकर वास्तव में युवाओं का बड़ा आंदोलन बन पाएगी, या फिर यह भी इंटरनेट की दूसरी वायरल ट्रेंड्स की तरह कुछ समय बाद गायब हो जाएगी। फिलहाल इतना तय है कि इसने देश के युवाओं के भीतर मौजूद गुस्से और असंतोष को खुलकर सामने ला दिया है।














Click it and Unblock the Notifications