AAP ने किया कोयले की कमी का दावा तो भड़के कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी, कहा- 'ये पार्टी ही झूठी है...'
AAP ने किया कोयले की कमी का दावा तो भड़के कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी, कहा- 'ये पार्टी ही झूठी है...'
नई दिल्ली, 30 अप्रैल: केंद्रीय कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार (29 अप्रैल) को आम आदमी पार्टी (आप) को आड़े हाथ लिया। आप के नेता राघव चड्ढा द्वारा कोयले की कमी का आरोप लगाने के बाद कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि इस पार्टी को "झूठ बोलने की आदत" है। मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आश्वासन दिया कि किसी भी तरह से घबराने की जरूरत नहीं है, देश में कोयले का स्टॉक है।

'मेरे से कोई मुलाकात नहीं हुई...'
केंद्रीय कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, "आप के नए नेता (राघव चड्ढा) पंजाब के तथाकथित सुपर मुख्यमंत्री (भगवंत मान) और (आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री) अरविंद केजरीवाल के बहुत करीब हैं। इस पार्टी को झूठ बोलने की आदत है, वे मुझसे कभी मिले नहीं हैं। अब वो मेरा नाम लेकर कह रहे हैं कि वह मेरे से मिले थे, वो बस एक झूठ फैला रहे हैं।''

राघव चड्ढा का दावा, भगवंत मान ने की थी कोयला मंत्री से मुलाकात
इससे पहले दिन में,राघव चड्ढा ने देश में कोयले की कमी को लेकर केंद्र को फटकार लगाते हुए कहा कि पंजाब सहित 16 से अधिक राज्यों में "केवल एक या दो दिन शेष कोयले की आपूर्ति दिखाई दे रही है।"
राघव चड्ढा ने दावा किया था, "पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान कुछ दिनों पहले दिल्ली में केंद्रीय कोयला मंत्री (प्रल्हाद जोशी) से मिलने गए थे। बाद में उन्होंने कोयले की कमी नहीं होने का आश्वासन दिया। फिर भी, पंजाब सहित 16 से अधिक राज्यों में कोयले की आपूर्ति केवल 1-2 दिनों की है। केंद्र को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।''

AAP ने कोयले की कमी पर जताई चिंता
आप के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी को बिजली की आपूर्ति करने वाले बिजली संयंत्रों में कोयले की संभावित कमी पर चिंता व्यक्त की। उनका दावा है कि उन्होंने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर पर्याप्त कोयले की आपूर्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया। दिल्ली सरकार के अनुसार दादरी-II बिजली संयंत्र में केवल एक दिन का स्टॉक बचा था और ऊंचाहार बिजली संयंत्र में दो दिन का स्टॉक बचा था।

'दादरी और ऊंचाहार में कोयले की कमी नहीं...'
केंद्रीय कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आगे बोलते हुए कहा, "मैं कहना चाहता हूं, दादरी और ऊंचाहार बिजली संयंत्रों की 11 इकाइयां पूरी क्षमता से चल रही हैं और उनके पास 2.3 लाख टन कोयले का का भंडार है, जिसे दैनिक आधार पर भी भरा जाता है।" उन्होंने यह भी कहा कि कोयला कंपनियों के पास लगभग 73 मिलियन टन कोयले का भंडार है, जबकि ताप विद्युत संयंत्रों के पास 21.5 मिलियन टन कोयले का भंडार है।
Recommended Video

'पूरे देश में 7-10 दिनों का कोयले का स्टॉक है...'
इस बात पर जोर देते हुए कि "घबराने की कोई जरूरत नहीं है", जोशी ने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार स्थिति की निगरानी कर रही है। उन्होंने कहा, 'हमारे पास पूरे देश में 7-10 दिनों का जो भी स्टॉक बचा है, उसकी रोजाना भरपाई की जा रही है।'
गर्मी की वजह से अप्रैल में बिजली की मांग बढ़ी है और देश के विभिन्न हिस्सों में लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। रूस-यूक्रेन संघर्ष के कारण आयातित कोयले की कीमतों में भारी वृद्धि और कुछ बिजली संयंत्र अपनी पूरी क्षमता से काम नहीं कर रहे हैं, इस समस्या को और बढ़ा दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications