नीतीश कुमार को मिला CPI का साथ, बिहार मॉडल को देश में दोहराने की भरी हुंकार
नई दिल्ली, 07 सितंबर। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा के साथ गठबंधन खत्म करने के बाद अब विपक्षी दलों को अपने साथ जोड़ने की मुहिम शुरू कर दी है। इसी सिलिसिले में नीतीश कुमार ने पहले लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की, तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर से मुलाकात की और दिल्ली के लिए रवाना हुए। दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात के बाद नीतीश अन्य दलों के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। नीतीश ने सीबीआई एमएल के महासचिव दिपांकर भट्टाचार्य से मुलाकात की।

बिहार में भाजपा अकेली
दिपांकर भट्टाचार्य से मुलाकात के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि हम सभी, 7 दल बिहार में एकजुट हैं और भाजपा विपक्ष में अकेली है। लिहाजा हम एकजुट होने की दिशा में काम कर रहे हैं ताकि हम अपने गठबंधन को और मजबूत कर सके। मैं हर किसी से मिल रहा हूं। जब मैंने भाजपा को छोड़ा और इस खेमे में आया, लोगों ने मुझे बधाई दी और कहा कि मैंने बिहार के लिए अच्छा किया।

देश में दोहराया जाए बिहार का मॉडल
वहीं सीपीआई एमल के महासचिव दिपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि हम चाहते हैं कि जो बिहार में हुआ वह राष्ट्रीय स्तर पर भी हो। बिहार में भाजपा अब अकेली है और अन्य दल साथ आ गए हैं। बिहार का यह मॉडल पूरे देश में दोहराया जाना चाहिए। नीतीश कुमार कड़ी मेहनत कर रहे हैं और कड़ी मेहनत का फल जरूर मिलेगा। बता दें कि नीतीश कुमार ने इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की थी।

केजरीवाल से की मुलाकात
नीतीश कुमार से मुलाकात की जानकारी खुद अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके दी। अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके लिखा, मेरे घर पधारने के लिए नीतीश जी का बहुत-बहुत शुक्रिया। देश से संबंधित कई गंभीर विषयों पर चर्चा हुई - शिक्षा, स्वास्थ्य, ऑपरेशन लोटस, इन लोगों द्वारा खुले आम MLA की ख़रीद फ़रोख़्त करके जनता द्वारा चुनी सरकारों को गिराना, भाजपा सरकारों का बढ़ता निरंकुश भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोज़गारी।












Click it and Unblock the Notifications