'कर्नाटक में जल्द ही हिजाब पर लगा प्रतिबंध हटेगा', CM सिद्धारमैया का ऐलान
कर्नाटक के शैक्षणिक संस्थानों में जल्द ही हिजाब पर लगा प्रतिबंध हटा दिया जाएगा। इसकी घोषणा शुक्रवार को राज्य के सीएम सिद्धारमैया ने की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दे दिया गया है और जल्द ही शासनादेश आ जाएगा।
एक कार्यक्रम में बोलते हुए, सिद्धारमैया ने कहा कि हम हिजाब पर प्रतिबंध वापस ले लेंगे, जो पिछली बीजेपी सरकार द्वारा लगाया गया था। इसे लेकर जल्द ही आधिकारिक आदेश आएगा।

सिद्धारमैया ने यह भी कहा कि यह उनकी निजी पसंद है कि कोई किस तरह की पोशाक पहनना चाहता है। क्या पहनना है और क्या खाना है? यह एक व्यक्तिगत पसंद है। सरकार को ऐसे मुद्दों पर अड़ंगा क्यों लगाना चाहिए? जो चाहो पहनो और जो मन करे वही खाओ। मैं धोती पहनता हूं और तुम पैंट के साथ शर्ट पहनते हो। इसमें गलत क्या है?
हिजाब विवाद पहली बार पिछले साल जनवरी में शुरू हुआ था, जब उडुपी में सरकारी प्री-यूनिवर्सिटी (पीयू) कॉलेज के छह छात्रों ने संस्थान के प्रशासन पर हिजाब पहनकर परिसर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं देने का आरोप लगाया था। प्रवेश से इनकार के बाद मुस्लिम लड़कियों ने संस्थान के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रतिशोध में, कई हिंदू छात्रों ने कई शैक्षणिक संस्थानों में भगवा शॉल पहनकर कक्षाओं में भाग लेना शुरू कर दिया। पिछले साल 15 मार्च को, कर्नाटक हाई कोर्ट ने घोषणा की कि हिजाब पहनना इस्लाम में अनिवार्य नहीं है और कार्यकारी आदेश को बरकरार रखा। छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया, जिसने इस मुद्दे पर फैसला विभाजित कर दिया। इस मामले की सुनवाई एक बड़ी पीठ द्वारा की जानी है।












Click it and Unblock the Notifications