अब रेलवे पर भड़कीं CM ममता बनर्जी, कहा- बिना बताए भेजी जा रहीं श्रमिक ट्रेनें
नई दिल्ली: पूरे देश में कोरोना के अब तक 1.5 लाख से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। पश्चिम बंगाल भी कोरोना से बुरी तरह प्रभावित है, जहां अब तक 4 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। इस बीच पश्चिम बंगाल और केंद्र सरकार में जुबानी जंग जारी है। बुधवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी रेलवे के एक फैसले पर भड़क गईं। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार से इस मुश्किल दौर में राजनीति नहीं करने की अपील की है।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि बिना हमारी जानकारी के 36 ट्रेनें मुंबई से बंगाल आ रही हैं। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार से भी बात की थी, लेकिन उनके पास भी जानकारी देर से पहुंची थी। रेलवे अब अपने दम पर योजना बना रहा है, जोकि गलत है। उन्होंने कहा कि रेल मंत्रालय उनकी सरकार को राजनीतिक रूप से परेशान करने की कोशिश कर रहा है। बिना जानकारी के ट्रेनें भेजी जा रही हैं, ऐसे में वो लोगों के क्वारंटाइन की व्यवस्था कहां से करेंगी। उन्होंने पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से इस मामले में हस्तक्षेप करने को कहा है। साथ केंद्र सरकार से इस संकट की घड़ी में राजनीति नहीं करने की अपील की है। सीएम ममता बनर्जी के मुताबिक इस तरह की राजनीति देश को लाल कर देगी। जिससे स्थिति और भयावह हो जाएगी। उन्होंने कहा कि देश को तिरंगा रहना चाहिए, लाल नहीं।
बंगाल में 283 मौतें
पश्चिम बंगाल में अब तक कोरोना के 4009 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसमें से 283 लोगों की मौत हुई है, जबकि 1486 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। केंद्र सरकार लगातार श्रमिक ट्रेनों के जरिए अन्य राज्यों में फंसे मजदूरों को घर भेज रही है। ऐसे में बंगाल में प्रवासी मजदूरों के पहुंचने के बाद पॉजिटिव केस की संख्या और बढ़ सकती है।












Click it and Unblock the Notifications