दिल्ली में जलभराव पर बोले CM केजरीवाल- सभी एजेंसियां कोरोना नियंत्रण में लगीं, इस वजह से हो रही दिक्कत
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मानसून की तेज वापसी हुई है। इस बीच रविवार सुबह से ही दिल्ली में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। जिस वजह से कई इलाकों में जलभराव हो गया है। इस दौरान मिंटो ब्रिज के नीचे पानी जमा होने से डीटीसी की दो बसें फंस गईं। जिसमें एक ड्राइवर की डूबने से मौत हो गई। अब इस घटना पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का बयान सामने आया है।
Recommended Video

सीएम केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए कहा कि मिंटो ब्रिज के नीचे जमा हुआ पानी निकाल दिया गया है। आज सुबह से ही मैं एजेंसियों के संपर्क में था और वहां से पानी हटाने की प्रक्रिया मॉनिटर कर रहा था। दिल्ली में ऐसे और भी स्थानों पर हम नजर रखे हुए हैं। जहां भी पानी इकट्ठा हुआ है उसे तुरंत पम्प किया जा रहा है। इस साल सभी एजेंसियां, चाहे वो दिल्ली सरकार की हों या MCD की, कोरोना नियंत्रण में लगी हुई थीं। कोरोना की वजह से उन्हें कई कठिनाइयां आयीं। ये वक्त एक दूसरे पर दोषारोपण का नहीं है। सबको मिल कर अपनी जिम्मेदारियां निभानी है। जहां-जहां पानी भरेगा, हम उसे तुरंत निकालने का प्रयास करेंगे।
वहीं दिल्ली में सत्ताधारी पार्टी आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि ब्रिज के नीचे जमा पानी में बस फंस गई। इस बीच ड्राइवर ने अपने पैच से निकलने की कोशिश की, लेकिन वो कामयाब नहीं हो पाया। जिस वजह से उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जलभराव से निपटने के लिए एमसीडी, पीडब्ल्यूडी और जल बोर्ड जैसी कई एजेंसियां हैं। इस वजह से ये पता लगाना मुश्किल है कि किस जगह पर जलभराव के लिए कौन जिम्मेदार है।
मामले में उत्तरी दिल्ली के मेयर जयप्रकाश ने कहा कि इस तरह की घटनाएं तब तक होती रहेंगी, जब तक दिल्ली सरकार अपने गैरजिम्मेदाराना रवैये से मुक्त नहीं हो जाती है। इस मामले में सीएम को जिम्मेदारी लेनी चाहिए। साथ ही मृतक के परिजनों को सहायता राशि उपलब्ध करवानी चाहिए। दिल्ली सरकार को ये सुनिश्चित करना चाहिए कि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट
जून के अंत में मानसून दिल्ली पहुंच गया था। इसके बाद से ही वहां पर भारी बारिश का सिलसिला जारी है। इस हफ्ते बारिश अपेक्षा के हिसाब से कम हुई थी। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार से मानसून ने तेजी पकड़ी है। जिस वजह से सोमवार तक दिल्ली में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications