दिल्ली हिंसा: IB अफसर अंकित के परिवार को मिलेगी एक करोड़ की आर्थिक मदद, केजरीवाल ने किया ऐलान
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हिंसा में मारे गए आईबी अफसर अंकित शर्मा के परिवार के लिए आर्थिक मदद का ऐलान किया है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने अंकित शर्मा के परिवार के लिए एक करोड़ रु की सहायता राशि का ऐलान किया। साथ ही सीएम केजरीवाल ने कहा कि उनके परिवार के एक सदस्य को दिल्ली सरकार द्वारा नौकरी दी जाएगी। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में भड़की हिंसा में आईबी अफसर अंकित शर्मा की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने चांदबाग के एक नाले से उनका शव बरामद किया था।

परिवार के एक सदस्य को मिलेगी नौकरी
अंकित शर्मा के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए थे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, अंकित के ऊपर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। उसके शरीर पर चाकूओं के कई गहरे कट मिले थे। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के पैनल ने स्पष्ट रूप से कहा था कि उसके ऊपर बेरहमी से और बार-बार चाकूओं से बार हमला किया गया, जिससे आईबी अफसर की मौत हो गई। हमला इतनी नृशंसता से किया गया था कि शरीर से आंतें तक बाहर निकल आईं थीं।
अंकित के पिता ने दर्ज कराया है केस
इस मामले में अंकित के पिता ने जो FIR दर्ज कराई है, उसमें आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता ताहिर हुसैन का नाम शामिल है। अंकित के पिता ने आरोप लगाया है कि ताहिर हुसैन ने अपने घर पर गुंडों को इकट्ठा किया हुआ था, जो दफ्तर के ऊपर से पत्थरबाजी, फायरिंग कर रहे थे। इन लोगों ने पेट्रोल बम भी फेंके। जिससे ना केवल तनाव बल्कि आम नागरिकों में डर का माहौल भी पैदा हुआ। अंकित के पिता ने ये भी कहा है कि उनके बेटे की हत्या के पीछे ताहिर हुसैन और उसके दफ्तर में एकत्र हुए गुंडे शामिल हैं।

ताहिर हुसैन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
दिल्ली हिंसा को बढ़ाने और हत्या के आरोप में दिल्ली पुलिस ने अंकित के पिता की शिकायत पर ताहिर हुसैन के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, आम आदमी पार्टी ने भी हुसैन को निलंबित कर दिया है। ताहिर हुसैन के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने आगजनी, हत्या और हिंसा फैलाने का केस दर्ज किया है। दयालपुर थाने में दर्ज किए गए केस के बाद ताहिर हुसैन के खजूरी इलाके में स्थित घर को सील कर दिया गया था। ताहिर हुसैन के इसी घर से पेट्रोल बम, पत्थर, गुलेल समेत ऐसे कई सामान मिले थे, जिसका हिंसा फैलाने से संबंध था।












Click it and Unblock the Notifications