जेएनयू में हमले की जिम्मेदारी लेने वाले पिंकी चौधरी के दावों की दिल्ली पुलिस करेगी जांच
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) हिंसा मामले में हिंदू रक्षा दल अध्यक्ष भूपेंद्र तोमर उर्फ पिंकी चौधरी के दावों की जांच की जा रही है। सरकारी सूत्रों के अनुसार दिल्ली पुलिस ने मामले पर संज्ञान लिया है। नकाबपोशों की पहचान करने के लिए पुलिस वीडियो फुटेज के साथ-साथ फेस रिकग्निशन सिस्टम की भी मदद ले रही है।

खुद को हिंदू रक्षा दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताते हुए शालीमार गार्डन में रहने वाले पिंकी चौधरी ने जेएनयू हमले की जिम्मेदारी ली है। सोमवार की रात सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह कह रहे हैं कि जो भी देश विरोधी गतिविधियां करेगा उसका अंजाम जेएनयू के छात्रों की तरह होगा।
पिंकी चौधरी ने वीडियो जारी कर कहा, जेएनयू में रविवार रात हुए हमले की सारी जिम्मेदारी हम लेते हैं। हमारे धर्म के खिलाफ इतना गलत बोलना सही नहीं है। कई वर्षों से जेएनयू कुछ दलों का अड्डा बना हुआ है। ऐसे अड्डे हम लोग बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं। हम लोग अपने धर्म के लिए अपने प्राण न्योछावर करने को तैयार रहते हैं। इस शख्स ने दावा किया है कि जेएनयू में रविवार को जो कुछ हुआ, वह सब हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने किया था।
बता दें पिंकी चौधरी दिल्ली में आम आदमी पार्टी के कार्यालय पर हमले के आरोप व अन्य मामलों में जेल जा चुके हैं। वीडियो जारी करने के अलावा उन्होंने पत्रकारों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर भी हमले की जिम्मेदारी ली है। गौरतलब है कि जेएनयू में रविवार को करीब 50 नकाबपोश अचानक आ गए और उन्होंने शिक्षकों और छात्रों पर हमला किया। जिसमें करीब 34 छात्र घायल हो गए। इन लोगों के हाथों में डंडे और रोड थे।












Click it and Unblock the Notifications