अब उत्तराखंड में चीनी सेना की घुसपैठ, सीएम रावत ने केंद्र को किया आगाह
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने राज्य के चमोली जिले में चीनी सेना की गतिविधियां देखे जाने की जानकारी दी है। सीएम रावत के मुताबिक राज्य के राजस्व अधिकारियों ने सीमा पर चीनी सैनिकों की गतिविधियां देखी।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए चीन की घुसपैठ पर पूछे गए सवाल पर रावत ने कहा कि यह काफी चिंताजनक बात है और हम शुरू से ही कहते रहे हैं कि यहां निगरानी बढ़ाइये। उन्होंने कहा कि चीनी सेना की घुसपैठ की सूचना बिलकुल सही है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार और केंद्रीय एजेंसियों को भी इसके बारे में जानकारी है। अब जो जरूरी कार्रवाई होगी एजेंसी और केंद्र सरकार करेंगी। रावत ने जानकारी दी कि राजस्व अधिकारी भूमि मापने गए थे। उस समय उन्हें वहां चीनी सैनिकों की गतिविधियां दिखाई दीं।
चीन और भारत के बीच सीमा पर कई इलाकों में विवाद है। भारत, चीन पर अरुणाचल और लेह-लद्दाख सीमा पर चीनी सैनिकों की घुसपैठ के आरोप लगाता रहा है।