चीन ने कहा पाकिस्तान का है पाक अधीकृत कश्मीर
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला)। चीन ने आज एक बार फिर अपना असली चेहरा दिखा दिया। उसने कहा कि पाकिस्तान अधिग्रहित क्षेत्र (पीओके) के गिलगिट-बलटिस्तान इलाके पाकिस्तान के हैं। जाहिर है, चीन के इस एकतरफा बयान से भारत नाराज होगा। हालांकि सरकार की तरफ से इस बाबत कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

जानकारों को हैरानी इस बात पर हो रही है कि चीन यह तब कर रहा है जब वहां के राष्ट्रपति शि चिनपिंग कुछ समय पहले ही भारत दौरे पर थे और उन्होंने भारत के साथ अपने देश के व्यापारिक संबंधों को गति देने का वादा किया था। गौर तलब है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने भी कश्मीर मसले के समाधान का मुद्दा कुछ समय पहले संयुक्त राष्ट्र में उठाया था।
क्यों बताय़ा पाक का
चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी सिनहुआ ने उक्त दोनों जगहों को पाकिस्तान का हिस्सा बताया। हालांकि चीन अभी तक पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के मसले पर तटस्थ रहा है। विदेश मामलों के जानकार अरुण कुमार कहते हैं कि चीन-पाकिस्तान के संबंध बेहद मजबूत हैं। दोनों ने हमेशा एक-दूसरे का साथ दिया है। हालांकि यह बात समझ से परे है कि चीन को अब उक्त बयान देने की जरूरत क्यों महसूस हुई। चीन कश्मीर विवाद पर भारत-पाकिस्तान को सलाह देता रहा है कि उन्हें इस मसले का खुद कोई हल खोजना चाहिए। पर अब उसने अचानक से अपनी लाइन क्यों बदली, यह बड़ा सवाल है।
पीओके भारत का अंग
उधर, भारत तो पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को अपना अभिन्न अंग मानता है। उसकी तरफ से तो संसद में एक ध्वनिमत से प्रस्ताव भी पारित हो चुका है,जिसमें देश का संकल्प है कि भारत को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को लेना है। इसके साथ ही भारत ने इस बात पर भी चिंता जाहिर की है कि चीन की तरफ से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में निवेश लगातार बढ़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications