आतंकी ठिकानों पर वायुसेना की बमबारी के वक्त हुआ बच्चे का जन्म, नाम रखा 'मिराज सिंह'
नई दिल्ली। पाकिस्तान के बालाकोट में इंडियन एयरफोर्स ने एयर स्ट्राइक कर खलबली मचा दी थी। इंडियन एयरफोर्स के मिराज 2000 फाइटर जेट्स ने लाइन ऑफ कंट्रोल पार कर जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर 1000 किलोग्राम बम दागे थे। सूत्रों के मुताबिक, इस एयर स्ट्राइक में 300 से अधिक आतंकी मारे गए। इस हमले में मिराज-2000 ने बालाकोट में जैश के आतंकी कैंप को तहस-नहस कर दिया। इस हमले के बाद पूरे देश में मिराज को लेकर चर्चाएं तेज थीं। इसी बीच एक खबर आई कि राजस्थान में एक बच्चे का जन्म हुआ तो घरवालों ने उसका नाम 'मिराज सिंह' रख दिया।

राजस्थान में बच्चे का जन्म, नाम रखा मिराज सिंह
खबर के मुताबिक, राजस्थान के नागौर जिले के डाबड़ा गांव के रहने वाले महावीर सिंह की पत्नी को प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उन्होंने एक बच्चे को जन्म दिया। बच्चे का जन्म ठीक उस समय हुआ जब भारतीय वायु सेना के मिराज विमान पाकिस्तान की जमीन पर जैश के ठिकानों पर कहर बरपा रहे थे। पुलवामा हमले के बदले के रूप में हुई इस कार्रवाई से घरवाले खुश हो गए और उन्होंने अपने बच्चे का नाम मिराज सिंह राठौड़ रखा।

मिराज के परिवार में अधिकतर लोग सेना में
बताया जा रहा है कि मिराज के परिवार में अधिकतर लोग सेना में हैं। बड़े ताऊ भूपेंद्र सिंह नैनीताल एयरफोर्स स्टेशन पर तैनात हैं। इसके अलावा एक और ताऊ एसएस राठौड़ भारतीय सेना के रिटायर्ड जवान हैं। पूरे परिवार के लोग भारत की इस कार्रवाई के काफी खुश हैं। बता दें कि एयरफोर्स के 12 मिराज जेट्स पीओके के बालाकोट तक दाखिल हुए और यहां पर उन्होंने जैश के ठिकानों पर हमला किया था।

मिराज विमान ने जैश के ठिकानों पर 1000 किलोग्राम बम गिराए थे
12 मिराज 2000 फाइटर जेट्स ने करीब 1000 किलोग्राम बम एलओसी के पार आतंकी कैंप्स पर गिराए गए। इस ऑपरेशन में इंडियन एयरफोर्स ने सुखोई-30एमकेआई और मिग-21 को भी शामिल किया था। सुखोई और मिग-21 भी ऑपरेशन में थे लेकिन उन्होंने एलओसी पार नहीं की थी। इन फाइटर जेट्स को एयरफोर्स ने प्लान बी के तहत रेडी रखा था। सुखोई फाइटर ने मिराज 2000 को कवर दिया तो मिग-21 को स्टैंड बाई पर रखा गया था।

पुलवामा हमले का भारतीय वायुसेना ने लिया बदला
रात करीब 3:30 बजे आईएएफ के 12 जेट्स केपीके प्रांत में दाखिल हुए और यहां पर उन्होंने हमले शुरू किए। 21 मिनट के अंदर मिराज 2000, लेसर गाइडेड बम, मैट्रा मैजिक क्लोज कॉम्बेट मिसाइल, लाइटनिंग पॉड, नेत्रा एयरबॉर्न वॉर्निंग जेट्स, आईएल 78 एम, हेरॉन ड्रोन की मदद से बालाकोट में हमले किए।












Click it and Unblock the Notifications