Chhattisgarh PDS Scam में बड़ा खुलासा: बीजेपी सरकार के दौरान 10 लाख फर्जी राशन कार्ड से हुआ 2718 करोड़ का घोटाला
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीजेपी सरकार के कार्यकाल में (अप्रैल 2013 से दिसंबर 2018 के बीच) हुए एक बड़े घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के समय में 10 लाख फर्जी राशन कार्ड से तकरीबन 11 लाख टन चावल की हेराफेरी की गई थी। मामले की जांच कर रही आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्लू) ने जांच के बाद तत्कालीन खाद्य अफसरों के खिलाफ धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार का केस दर्ज कर लिया है। ईओडब्ल्यू के मुताबिक पीडीएस (Public Distribution System) में ये स्कैम 2718 करोड़ रुपए का है।

पिछली सरकार के कार्यकाल में हुए इस घपले में केस दर्ज करने के बाद नए सिरे से जांच शुरू कर दी गई है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। नान छापों के बाद पीडीएस में इसे प्रदेश का सबसे बड़ा घोटाला माना जा रहा है। जांच में खुलासा हुआ है कि राशन दुकानों में चावल और दूसरी खाद्य सामग्री पहुंचाने के साथ-साथ उसके सत्यापन की जिम्मेदारी संचालनालय और जिले के जिन अफसरों पर थी।
उन्होंने ही पूरे प्रदेश में 10 लाख से ज्यादा फर्जी राशन कार्ड छपवा दिए। जांच में यह बात भी सामने आई कि ऐसे अधिकांश राशन कार्ड में नाम-पते फर्जी थे, लेकिन इनके बदले में हर महीने राशन जारी किया जाता रहा। इसमें चावल मुख्य था। राशन माफिया ने यही चावल ब्लैक में खुले बाजार में बेचकर करोड़ों का वारान्यारा कर दिया। ईओडब्लू अफसरों ने बताया कि जांच में घोटाले का तरीका और शासन को पहुंचाई गई हानि सामने आ गई है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि इसमें किन अफसरों की क्या भूमिका थी, ताकि उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की जा सके।












Click it and Unblock the Notifications