Chhattisgarh Naxal Encounter: सुकमा में सुरक्षा बलों का एक्शन, किस्ताराम इलाके में 12 नक्सलियों का सफाया
Chhattisgarh Naxal Encounter: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके सुकमा में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। जिले के किस्ताराम क्षेत्र के जंगलों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में कम से कम 12 नक्सली मारे गए हैं।
इस दौरान मौके से भारी मात्रा में ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह मुठभेड़ तड़के सुबह शुरू हुई और कई घंटों तक रुक-रुक कर गोलीबारी चलती रही।

किस्ताराम के जंगलों में मुठभेड़
सुकमा के पुलिस अधीक्षक (SP) किरण चव्हाण ने मुठभेड़ जानकारी देते हुए बताया कि जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और नक्सलियों के बीच यह मुठभेड़ किस्ताराम थाना क्षेत्र के घने जंगलों में हुई। उन्होंने कहा,किस्ताराम क्षेत्र के जंगलों में DRG और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 12 नक्सली मारे गए हैं। घटनास्थल से ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किए गए हैं।
खुफिया जानकारी के आधार पर चला सर्च ऑपरेशन
अधिकारियों के मुताबिक, दक्षिण बस्तर क्षेत्र में सक्रिय सशस्त्र नक्सलियों की मौजूदगी को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। इसी के आधार पर सुकमा और बीजापुर की सीमा से लगे इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज ने बताया कि जिला रिजर्व गार्ड (DRG) की एक टीम दक्षिण बस्तर क्षेत्र में तलाशी अभियान पर निकली थी। इसी दौरान तड़के करीब 5 बजे नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।
घंटों चली गोलीबारी
आईजी सुंदरराज के अनुसार, सुबह 5 बजे से DRG और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। मुठभेड़ के बाद इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके दौरान नक्सलियों के शव बरामद किए गए। उन्होंने कहा कि सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है और मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है।
भारी हथियार बरामद
मुठभेड़ स्थल से सुरक्षा बलों ने ऑटोमैटिक हथियार, गोला-बारूद और नक्सली सामग्री बरामद की है। अधिकारियों का कहना है कि इससे यह साफ होता है कि मारे गए नक्सली किसी बड़े दस्ते का हिस्सा थे और इलाके में किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे।
नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता
छत्तीसगढ़ में हाल के महीनों में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा जैसे इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। इस मुठभेड़ को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।
फिलहाल पूरे इलाके में अलर्ट जारी है और अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी, लेकिन यह कार्रवाई नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका देने वाली साबित हुई है।












Click it and Unblock the Notifications