Chhattisgarh News: किसानों के सम्मान और समृद्धि के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसान उन्नति योजना के तहत 25.28 लाख किसानों के लिए ₹10,324 करोड़ का भारी सीधा हस्तांतरण करने की घोषणा की। इस कार्यक्रम में कृषि ऋण, सब्सिडी, सिंचाई और सामुदायिक सुविधाओं पर उद्घाटन और महत्वपूर्ण घोषणाएँ शामिल थीं, जिससे किसानों के कल्याण और ग्रामीण विकास के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता मजबूत हुई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिल्हा विकासखंड के रहंगी (बिलासपुर) में आयोजित कृषक उन्नति योजना के आदान सहायता राशि वितरण समारोह एवं वृहद किसान सम्मेलन में प्रदेश के 25.28 लाख किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। इनमें बिलासपुर जिले के 1,25,352 किसान शामिल हैं, जिनके खातों में 494.38 करोड़ रुपये पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन किसानों के सम्मान का दिन है। होली से पहले किसानों को आर्थिक संबल मिले, इसी उद्देश्य से यह राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसान हितैषी नीतियों के साथ काम कर रही है और किसानों को समय पर भुगतान, शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण तथा सर्वाधिक धान मूल्य सुनिश्चित किया गया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिले को विकास की नई रफ्तार देते हुए 15.99 करोड़ रुपये लागत के 7 कार्यों का लोकार्पण और 247.18 करोड़ रुपये लागत के 82 कार्यों का शिलान्यास किया। समारोह में ‘कृषक उन्नति योजना का वरदान, छत्तीसगढ़ का हर किसान धनवान’ विषय पर आधारित वीडियो का विमोचन भी किया गया।
किसानों के लिए व्यापक पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 25 लाख से अधिक किसानों ने धान बेचा है और सरकार ने बिना बारदाने की समस्या के सुचारु खरीद सुनिश्चित की। किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से लाखों किसानों को लाभ मिल रहा है। भूमिहीन कृषि मजदूरों के खातों में भी सहायता राशि अंतरित की जा रही है। खाद पर सब्सिडी, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और सहकारिता को सशक्त बनाने की दिशा में भी काम हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को 6,000 रुपये दिए जा रहे हैं। राज्य बजट में कृषि क्षेत्र के लिए 13,000 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाता है।
महत्वपूर्ण घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने चकरभाटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन, मंगला की माध्यमिक शाला को हाई स्कूल में उन्नयन तथा रहंगी खेल मैदान में बाउंड्रीवाल और स्टेज निर्माण की घोषणा की। साथ ही सतनामी समाज के सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख रुपये और पत्थरखान में आदिवासी समाज के सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की।
कृषि मंत्री का संबोधन
कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि 10,300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का सीधा अंतरण ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने किसानों से दलहन-तिलहन उत्पादन और फसल विविधीकरण अपनाने का आग्रह किया। दुग्ध उत्पादन और मत्स्यपालन को भी बढ़ावा देने की योजना पर कार्य हो रहा है।
किसानों ने जताया आभार
मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से किसानों से संवाद किया। जगदलपुर की बसंती कश्यप ने बताया कि उनके खाते में 36,000 रुपये आए हैं, जिससे वे होली उत्साह से मनाएंगी। कोरबा के सुखन साय को 53,000 रुपये प्राप्त हुए, जिन्हें वे घर निर्माण में लगाएंगे। जांजगीर के समर्थ सिंह ने 1.41 लाख रुपये मिलने पर धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि किसानों की समृद्धि ही प्रदेश की प्रगति का आधार है।












Click it and Unblock the Notifications