Chandrayaan 3: चांद के और करीब पहुंचा चंद्रयान 3, इसरो ने साझा की ताजा अपडेट
Chandrayaan 3: इसरो ने मिशन चंद्रयान-3 को लेकर ताजा अपडेट शेयर की है। इसरो ने ट्वीट करके जानकारी दी है कि चंद्रयान 3 अब चंद्रमा की कक्षा में और करीब पहुंच गया है। यह अब चांद की 153 किलोमीटर x 163 किलोमीटर कक्षा में पहुंच गया है।
इसरो ने बताया कि हमारी योजना के अनुसार ही चंद्रयान चांद की कक्षा के इतने करीब पहुंचा है। इसके साथ ही चंद्रयान का चांद पर मैनूवर पूरा हो गया है। अब चंद्रयान अपने प्रपल्सन मॉड्यूल और लैंडर मॉड्यूल को अलग करने की यात्रा शुरू करेगा। लैंडर मॉड्यूल और प्रपल्सन मॉड्यूल अलग होने की प्रक्रिया 17 अगस्त को होगी।

बता दें कि 23 अगस्त को चंद्रयान के लैंडर-रोवर को चंद्रमा की सतह पर लैंड कराया जाएगा। मिशन चंद्रयान को पिछले महीने 14 जुलाई को रवाना किया गया था। पृथ्वी की अलग-अलग कक्षाओं का चक्कर लगाने के बाद यह एक अगस्त को चंद्रमा की कक्षा की ओर आगे बढ़ा था।
अगर भारत सफलतापूर्वक लैंडर को लैंड कर देता है तो ऐसा करने वाला वह दुनिया का चौथा देश बन जाएगा। अमेरिका, रूस और चीन ही इससे पहले यह मुकाम हासिल कर पाए हैं। इससे पहले 2019 में भारत ने चंद्रयान 2 के जरिए लैंडर को उतारने का प्रयास किया था। लेकिन वह विफल रहा था।
आखिरी क्षणों में लैंडर का संपर्क टूट गया था, जिसके बाद क्रैश लैंडिंग के चलते यह मिशन विफल हो गया था। ऐसे में भारत के पास एक और मौका है कि वह चंद्रमा की सतह पर लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग करा सके।












Click it and Unblock the Notifications