मैं वोटों से बीजेपी की नसबंदी कर दूंगा, रावण के 5 डायलॉग जो भाजपा की बढ़ा सकते हैं मुश्किल
नई दिल्ली। करीब 15 महीने जेल में रहने के बाद भीम आर्मी के अध्यक्ष चंद्रशेखर उर्फ रावण अब बाहर आ गए हैं। उनकी रिहाई के पीछे उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की चाहे जो भी मंशा रही हो लेकिन जेल से निकलकर चंद्रशेखर ने जिस अंदाज में अपनी बात रखी उससे ये साफ हो गया उनके निशाने पर भारतीय जनता पार्टी ही रहने वाली है। ऐसा इसलिए क्योंकि बाहर आते ही रावण ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि हम तब तक न सोएंगे न सोने देंगे, जब तक 2019 की गद्दी न पलट दें। एक और बयान में उन्होंने कहा कि मैं वोटों से बीजेपी की नसबंदी कर दूंगा। पढ़िए, रावण के 5 डायलॉग जो बीजेपी की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं...

'हमारा एकमात्र उद्देश्य बीजेपी को हराना है'
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में जब चंद्रशेखर उर्फ रावण से पूछा गया कि बीजेपी उनकी रिहाई का राजनीतिक फायदा उठा सकती है तो रावण ने कहा कि जब मैं बाहर हूं और जिंदा हूं , मैं ऐसा नहीं होने दूंगा। चंद्रशेखर रावण ने कहा कि हमारा एकमात्र उद्देश्य बीजेपी को हराना है। जो भी ऐसा कर सकता है हम उसका समर्थन करेंगे।

रावण बोले- ये तो ठाकुरों की सरकार है
योगी आदित्यनाथ की सरकार को लेकर पूछे गए सवाल पर चंद्रशेखर रावण ने कहा कि ये तो ठाकुरों की सरकार है। अगर हमें नजर आएगा कि महागठबंधन नहीं बन रहा है तो हम बीएसपी पर दूसरी पार्टियों को एक साथ आने के लिए सामाजिक दबाव बनाएंगे। हम राज्यभर में रैलियां करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी को यह समझना चाहिए कि बीजेपी को हराना बेहद महत्वपूर्ण है।

'मैं वोटों से बीजेपी की नसबंदी कर दूंगा'
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में चंद्रशेखर 'रावण' ने बड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि मैं वोटों से बीजेपी की नसबंदी कर दूंगा। इससे पहले गुरुवार रात ढाई बजे जेल से छूटते ही रावण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारी कोशिश यही होगी कि सरकार तो बहुत दूर की बात विपक्ष में भी उन्हें जगह नहीं मिले।

'न हम सोएंगे न सोने देंगे, जब तक 2019 की गद्दी न पलट दें'
चंद्रशेखर रावण ने कहा कि जो लोग बहुजन की बात करते हैं उन्हें चाहिए कि वो गठबंधन करें और मजबूती से लड़ें और भाजपा को सत्ता से बेदखल कर दें। बाकी रही-सही कसर भीम आर्मी वाले पूरा कर देंगे। आप बिल्कुल तय कर लें और कमर कस लें न हम सोएंगे न सोने देंगे, जब तक 2019 की गद्दी न पलट दें।"

'कोई सम्मान नहीं कराऊंगा जब तक भाजपा को सत्ता से उखाड़ नहीं दूं'
चंद्रशेखर रावण ने आगे कहा, "कोई स्वागत समारोह कुछ भी नहीं होगा अगर किसी के मन में ऐसा है तो वो इसे मन से निकाल दें। मैं जेल से बाहर इसलिए आया क्योंकि हम काम करेंगे। मैंने एक वादा बिहारीगढ़ में किया था कि मैं तब तक माला नहीं पहनूंगा जब तक सहारनपुर से जातिगत शोषण की घटनाएं खत्म न हो जाएं। 4 दिसंबर 2016 को मैंने सहानरपुर में माला पहनीं, आज मैं फिर वादा करता हूं चंद्रशेखर तब तक कोई सम्मान नहीं कराएगा जब तक वो भाजपा को सत्ता से उखाड़ नहीं दे।"












Click it and Unblock the Notifications