रील बनाकर रियल मुसीबत, पुलिस वाले को भारी पड़ा पत्नी का शौक, ट्रैफिक रोक सड़क पर लगाए ठुमके, कांस्टेबल सस्पेंड
Chandigarh Dance Reel: चंडीगढ़ की खूबसूरत सड़कों पर जो हुआ, उसने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी। एक महिला को ट्रैफिक के बीच सड़क पर डांस करना महंगा तो पड़ा ही, लेकिन उसकी वजह से उसके पुलिसकर्मी पति पर भी गाज गिरी है।
चंडीगढ़ की सड़कों पर बना एक डांस वीडियो (Dance Reel) अब एक पुलिसकर्मी के करियर पर भारी पड़ गया। वायरल वीडियो की वजह से ना सिर्फ एक महिला गिरफ्तार हुई, बल्कि उसका पुलिसवाला पति भी सस्पेंड हो गया।

बीच सड़क पर 'रील' बनी 'रियल मुसीबत'
20 मार्च, 2025 को चंडीगढ़ के सेक्टर-20 गुरुद्वारा चौक पर एक महिला अचानक बीच सड़क पर हरियाणवी गाने पर झूम उठी। गाड़ियों की लंबी लाइनें, रुका हुआ ट्रैफिक और चौंकते लोग, लेकिन महिला मस्त होकर नाचती रही। इस 'स्पेशल शूट' की कैमरापर्सन उसकी ननद थी, जो मोबाइल में वीडियो रिकॉर्ड कर रही थी।
वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया। लेकिन जब पुलिस की नजर पड़ी, तो मामला गंभीर हो गया। सड़क पर ट्रैफिक रोकने और नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में दोनों महिलाओं - ज्योति और उसकी ननद पूजा को हिरासत में ले लिया गया। हालांकि, कुछ ही घंटों में उन्हें थाने से जमानत मिल गई।
पति की एक गलती और नौकरी पर गिरी गाज
इस पूरे मामले में नया ट्विस्ट तब आया, जब पुलिस जांच में सामने आया कि महिला के पुलिसकर्मी पति अजय कुंडू ने खुद इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया था। अनुशासनहीनता और नियमों की अनदेखी के चलते चंडीगढ़ पुलिस ने अजय कुंडू को सस्पेंड कर दिया।
रील के शौक से मुसीबत को मोल लिया
पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वे मंदिर से लौट रही थीं और 'मस्ती-मस्ती' में उन्होंने यह वीडियो बना लिया। लेकिन मामला तब गंभीर हो गया जब वायरल वीडियो में दिखा कि महिला ज़ेब्रा क्रॉसिंग पर खड़ी गाड़ियों के सामने डांस कर रही थी, जिससे ट्रैफिक बाधित हुआ।












Click it and Unblock the Notifications